पैतृक मकान हड़पने के लिए परिवार रजिस्टर में हेरफेर:अम्बेडकरनगर में ग्राम प्रधान समेत 8 पर FIR, कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई




अंबेडकरनगर में पैतृक मकान हड़पने के लिए परिवार रजिस्टर में कथित तौर पर हेरफेर करने के मामले में पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। नामजद आरोपियों में ग्राम प्रधान/प्रशासक अभिमन्यु मौर्य, पूर्व प्रधान संतरा देवी और ग्राम सचिव समेत अन्य लोग शामिल हैं। एसपी के निर्देश और कोर्ट के आदेश के बाद यह कार्रवाई की गई है। शिकायतकर्ता हरिओम ने बताया कि उनके माता-पिता राधेश्याम दुबे और राजकुमारी का निधन हो चुका है। वह आमादरवेशपुर स्थित अपने पैतृक मकान में रहते हैं। आरोप है कि नसीरपुर निवासी राममनोज ने ग्राम सचिव और अन्य लोगों की मदद से सरकारी अभिलेखों में अपना नाम दर्ज कराने का प्रयास किया। हरिओम के मुताबिक, 26 अक्टूबर 2010 को राममनोज ने एक बैनामा कराया था, जिसमें उसका पता नसीरपुर दर्ज था। आरोप है कि बाद में नाम बदलकर मनोज दुबे कर दिया गया और आमादरवेशपुर के परिवार रजिस्टर में दर्ज करा दिया गया। शिकायत के अनुसार, 27 मई 2017 को तत्कालीन ग्राम प्रधान संतरा देवी ने परिवार रजिस्टर में मनोज दुबे और उसकी पत्नी लक्ष्मी का नाम दर्ज होने की पुष्टि की। इसके बाद 10 फरवरी 2023 को मौजूदा ग्राम प्रधान अभिमन्यु मौर्य ने प्रमाण पत्र जारी किया। इसमें राधेश्याम दुबे के बेटे के रूप में हरिओम के साथ मनोज कुमार का नाम भी दर्ज कर दिया गया। हरिओम ने आरोप लगाया कि इस पूरी प्रक्रिया में राममनोज के अलावा आजमगढ़ के अतरौलिया थाना क्षेत्र के लोहरा निवासी शिवप्रसाद और बृजराज यादव ने भी मदद की। उनका कहना है कि नाम दर्ज कराने को लेकर विवाद के बाद से उनके खिलाफ थाना और तहसील स्तर पर लगातार शिकायतें भी की जा रही हैं। दस्तावेजों की जांच कर रही पुलिस सीओ आलापुर अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस परिवार रजिस्टर, वर्ष 2010 का बैनामा, वर्ष 2017 की एंट्री और वर्ष 2023 में जारी प्रमाण पत्र समेत संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *