![]()
प्रयागराज जंक्शन पर स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। गुरुवार को जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त रूप से स्टेशन पर सघन सुरक्षा जांच अभियान चलाया। इस दौरान डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर, प्लेटफॉर्म और यात्रियों के सामान की गहनता से जांच की। सुरक्षा बलों ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय और प्रवेश-निकास द्वारों की तलाशी ली। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नज़र रखना और यात्रियों को सुरक्षित माहौल प्रदान करना है। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त दीपक कुमार आज़ाद भी इस मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि प्रयागराज जंक्शन सुरक्षा की दृष्टि से एक अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्टेशन है। आज़ाद ने आगे कहा कि जीआरपी और आरपीएफ नियमित रूप से संयुक्त सुरक्षा जांच अभियान चला रहे हैं। रेलवे के सभी विभागों और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारी हर गतिविधि पर पैनी नज़र रखते हैं। किसी भी संदिग्ध सूचना या गतिविधि की जानकारी मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करती है। रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर मिलने वाली सूचनाओं पर भी तुरंत कार्रवाई की जाती है। दीपक कुमार आज़ाद ने यह भी बताया कि स्टेशन पर तैनात आरपीएफ और जीआरपी टीमों के अलावा, आरपीएफ की सीआईबी, एसआईबी, राज्य की लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (एलआईयू) और इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) सहित विभिन्न केंद्रीय व राज्य सुरक्षा एजेंसियां भी लगातार समन्वय बनाकर काम कर रही हैं। उन्होंने संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि सामने आने पर कानून के अनुसार तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे किसी भी लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें।
Source link
प्रयागराज जंक्शन पर घूमे डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ते:सुरक्षा बढ़ी, जीआरपी-आरपीएफ ने जांच की, CCTV से निगरानी
