![]()
बलरामपुर जिले में प्रसव पीड़ा से परेशान एक महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों ने करीब दो किलोमीटर तक पैदल सफर किया। गांव तक सड़क और पुलिया नहीं होने के कारण एंबुलेंस गांव के अंदर नहीं पहुंच सकी। महिला को अस्पताल ले जाने के लिए ग्रामीणों ने उसे गोद में उठाया और तेज बारिश के बीच उफनता नाला पार कराया। इसके बाद करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर महिला को एंबुलेंस तक पहुंचाया गया। मामला वाड्राफनगर ब्लॉक की सोनहत ग्राम पंचायत के पंडो पारा का है। महिला को अचानक प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने एंबुलेंस को सूचना दी थी। एंबुलेंस गांव के लिए रवाना हुई, लेकिन सड़क और पुलिया नहीं होने के कारण करीब दो किलोमीटर पहले ही रुक गई। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने महिला को एंबुलेंस तक पहुंचाने की जिम्मेदारी उठाई। रास्ते में तेज बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव भी काफी तेज था। इसके बावजूद ग्रामीणों ने महिला को गोद में उठाकर नाला पार कराया और उसे एंबुलेंस तक पहुंचाया। इसके बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया। इस मामले में महिला के पति और एंबुलेंस ड्राइवर मनोज कुमार सिंह ने भी अपनी बात रखी है।
Source link
प्रसव-पीड़ा में महिला को गोद में उठाकर नाला पार कराया:सड़क नहीं होने से एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंची, ग्रामीण 2 किमी पैदल ले गए
