![]()
फरीदकोट के जैतो में थाना पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और उनकी ओर से की गई वारदातों की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ढिलवां कलां निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ लूंगर, सरावां निवासी सतवंत सिंह उर्फ जस्सू, ढैपई निवासी जशनप्रीत सिंह उर्फ जशन और रामूवाला डेलियांवाली निवासी रवि सिंह के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार एसएसपी फरीदकोट गुरबंस सिंह बैस के निर्देश पर थाना जैतो के एएसआई इकबाल सिंह पुलिस पार्टी के साथ शहर में गश्त और संदिग्ध लोगों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान रेलवे स्टेशन जैतो के पास पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक गिरोह बनाकर जैतो और आसपास के गांवों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें आगे बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को काबू कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। डीएसपी जैतो इकबाल सिंह संधू ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपियों के खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में लूटपाट और अन्य धाराओं के तहत कुल सात मामले दर्ज हैं। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। रिमांड के दौरान उनसे चोरी की अन्य वारदातों और गिरोह से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
Source link
फरीदकोट के जैतो में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश:4 आरोपी गिरफ्तार; निशानदेही पर 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद
