![]()
फरीदाबाद के गांव चंदावली में फर्जी तरीके से क्लिनिक चलाकर मरीजों का इलाज करने का मामला सामने आया है। गांव में एक व्यक्ति ने क्लिनिक के अंदर तीन बेड लगाकर उसे कमरे की तरह तैयार किया हुआ था। जहां एलोपैथिक दवाइयों के साथ मरीजों का इलाज किया जा रहा था। बिना मेडिकल डिग्री के इलाज किए जाने और फर्जी नाम से क्लिनिक चलाए जाने की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग और सीएम फ्लाइंग स्क्वायड की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके से कथित फर्जी डॉक्टर को पकड़ लिया। फर्जी क्लिनिक चलाने की मिली थी सूचना जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग और सीएम फ्लाइंग टीम को सूचना मिली थी कि गांव चंदावली में राधिका सरोवर के सामने साक्षी क्लिनिक के नाम से एक क्लिनिक चलाई जा रही है। आरोप था कि यहां बलराज उर्फ बनवारी लाल नामक व्यक्ति खुद को डॉक्टर बताकर लोगों का इलाज कर रहा है। सूचना मिलने के बाद CMO फरीदाबाद की ओर से गठित टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ क्लिनिक पर अचानक छापेमारी की। टीम जब मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति डॉक्टर की कुर्सी पर बैठा मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम बलराज उर्फ बनवारी लाल निवासी गांव खेड़ला, जिला पलवल बताया। क्लिनिक के बाहर लगे बोर्ड पर डा. संदीप लिखा हुआ था, लेकिन जांच के दौरान डॉ. संदीप मौके पर मौजूद नहीं मिला। कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका कथित डॉक्टर टीम ने जब क्लिनिक के अंदर जांच की तो वहां तीन बेड लगे मिले। इसके अलावा बड़ी संख्या में एलोपैथिक दवाइयां, मरीजों के इलाज में इस्तेमाल होने वाले मेडिकल उपकरण, विजिटिंग कार्ड, रसीद बुक और ओपीडी रजिस्टर भी मिले। इन दस्तावेजों पर बलराज का मोबाइल नंबर दर्ज था। टीम ने बलराज से मेडिकल डिग्री और क्लिनिक चलाने से संबंधित जरूरी दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध मेडिकल डिग्री या आवश्यक दस्तावेज पेश नहीं कर सका। टीम ने दवाईयां और मेडिकल उपकरण कब्जे में लिए फरीदाबाद सिविल अस्पताल के डॉक्टर रामनिवास ने बताया कि जांच के दौरान क्लिनिक से मिली दवाइयों और मेडिकल उपकरणों को कब्जे में लेकर जांच के लिए सील कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि बिना डिग्री के मरीजों का इलाज करना लोगों की जान और स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ है। डॉक्टर रामनिवास की शिकायत पर थाना सदर बल्लभगढ़ पुलिस ने बलराज उर्फ बनवारी लाल के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि आसपास यदि कोई व्यक्ति बिना वैध डिग्री के डॉक्टर बनकर इलाज करता दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग या पुलिस को दें।
Source link
फरीदाबाद में फर्जी क्लिनिक का भंडाफोड़:तीन बेड डाले गए, बिना डिग्री, लाइसेंस के किया जा रहा इलाज, दवाईयां और मेडिकल उपकरण जब्त
