Headlines

फाजिल्का में डिलीवरी के बाद महिला की मौत:बेटी के जन्म की खुशी मातम में बदली; परिजनों ने डॉक्टर पर लगाए लापरवाही के आरोप




फाजिल्का में रक्षा बंधन के दिन परिवार में बेटी के जन्म की खुशी उस समय मातम में बदल गई, जब डिलीवरी के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने निजी अस्पताल के डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और इंसाफ की मांग की है। परिजनों के अनुसार, महिला को डिलीवरी के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल की ओर से पहले नॉर्मल डिलीवरी की करीब 80 प्रतिशत संभावना बताई गई थी। हालांकि, कुछ समय बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने की सलाह दी। परिवार की सहमति के बाद महिला का ऑपरेशन किया गया, जिसके बाद उसने बच्ची को जन्म दिया। परिजनों का आरोप है कि बच्ची के जन्म के बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई और काफी रक्तस्राव होने लगा। अस्पताल की ओर से परिजनों को खून की व्यवस्था करने के लिए कहा गया। इसके बाद महिला को किसी अन्य अस्पताल में रेफर करने की बात कही गई। परिजन उसे इलाज के लिए बाहर लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतका की ननद पायल ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन के बाद महिला का रक्तस्राव नहीं रुका और समय पर उचित उपचार नहीं मिलने से उसकी हालत बिगड़ती चली गई। महिला के पति मनप्रीत शर्मा ने बताया कि डिलीवरी से पहले सभी टेस्ट सामान्य थे। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑपरेशन में कथित लापरवाही के कारण उनकी पत्नी की जान गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस अधिकारी भगवान चंद ने बताया कि परिवार ने डॉक्टर की लापरवाही का आरोप लगाते हुए बयान दर्ज करवाए हैं। बयानों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *