![]()
हांसी में साइबर पुलिस ने साइबर ठगी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फेसबुक मैसेंजर पर लाखों रुपए आने का झांसा देकर 2 लाख 55 हजार रुपए की ठगी की थी। पुलिस ने आरोपी के पास से 2 लाख 47 हजार रुपए बरामद किए हैं। अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है, ताकि साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों और बैंक खातों की जानकारी मिल सके। सहायक उप निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि बास क्षेत्र के रहने वाले अमित ने साइबर थाना हांसी में शिकायत दर्ज कराई थी। अमित के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को उसे फेसबुक मैसेंजर पर एक आईडी से मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने उसे बताया कि उसके खाते में 10 लाख 30 हजार 800 रुपए भेजे जा रहे हैं। इसके बाद वीजा अपडेट कराने के बहाने एक एजेंट से संपर्क करने और उसके बताए बैंक खातों में पैसे भेजने को कहा गया। बातों पर भरोसा कर ट्रांसफर किए रुपए आरोपी की बातों पर भरोसा करके अमित ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 2 लाख 55 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद भी आरोपी ने और पैसों की मांग की। लगातार पैसे मांगे जाने पर अमित को शक हुआ। जांच करने पर उसे पता चला कि उसके साथ साइबर ठगी हुई है। उसने तुरंत NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही साइबर थाना हांसी पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने तकनीकी सबूतों, फेसबुक आईडी और बैंक खातों के लेन-देन की जांच की। इससे आरोपी की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रशांत शेखावत को गिरफ्तार कर लिया। प्रशांत, योगेंद्र सिंह का बेटा और बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी के पास से ठगी के 2 लाख 47 हजार रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल दूसरे लोगों की भूमिका का पता चल सके।
Source link
फेसबुक मैसेंजर पर 10.30 लाख का झांसा देकर ठगी:हांसी पुलिस ने अरेस्ट किया आरोपी, 2.55 लाख ठगे; 2.47 लाख बरामद
