Headlines

बठिंडा में लेफ्टिनेंट कर्नल के घर चोरी:पूर्व नौकर निकला मास्टरमाइंड, 20 तोले सोना-30 तोले चांदी बरामद




बठिंडा में सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी के घर हुई लाखों रुपए की चोरी का मामला पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में अधिकारी के पूर्व नौकर को अमृतसर से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी हुआ 20 तोले सोना और 30 तोले चांदी सहित पूरा सामान बरामद कर लिया गया है। यह घटना बठिंडा कैंट थाना क्षेत्र की है। सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव गोपीनाथ के सरकारी आवास से शनिवार रात अज्ञात चोरों ने अलमारी में रखे आभूषण चोरी कर लिए थे। चोरी हुए सामान में 20 तोले सोना और लगभग 30 तोले चांदी के आभूषण शामिल थे। रविवार सुबह परिवार को चोरी का पता चलने पर कर्नल गोपीनाथ की पत्नी मोनिका ने तुरंत कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। SP सिटी ने दी मामले की जानकारी एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को किसी करीबी व्यक्ति पर शक हुआ, क्योंकि घर में जबरन प्रवेश के कोई निशान नहीं थे। गहन तफ्तीश के बाद पुलिस की सुई घर के पूर्व नौकर बिक्रमजीत पर जाकर टिकी। बिक्रमजीत मूल रूप से अमृतसर का रहने वाला है और सेना से रिटायर्ड लांस नायक है। वह लंबे समय से अधिकारी के घर काम कर चुका था, जिससे उसे घर के अंदरूनी हिस्सों और कीमती सामान रखे जाने की जगह की पूरी जानकारी थी। थाना प्रभारी (SHO) इंस्पेक्टर दलजीत के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की। आरोपी की लोकेशन ट्रैक करते हुए पुलिस टीम रात में ही अमृतसर के लिए रवाना हुई। लगभग चार घंटे का सफर तय कर टीम अमृतसर पहुंची और योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर बिक्रमजीत को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया पूरा सामान, जिसमें 20 तोले सोना और 30 तोले चांदी शामिल थी, सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चोरी के बाद अमृतसर में छिपकर सामान को ठिकाने लगाने की फिराक में था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *