![]()
बदायूं के सैदपुर-बगरैन मार्ग पर शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने खेत से लौट रहे 20 वर्षीय मेधावी छात्र अमनदीप उर्फ लल्ला बाबू को जोरदार टक्कर मार दी। नकासा बाजार से आगे हुए इस भीषण हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। लाइब्रेरी में रहकर कर रहा था प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी सौरौरी गांव निवासी महेंद्र पाल के 20 वर्षीय पुत्र अमनदीप पढ़ाई में बेहद होनहार थे। वह वर्तमान में बगरैन की एक स्थानीय लाइब्रेरी में रहकर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे वह खेत से वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी बगरैन की ओर से आ रहे अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि अमनदीप ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मातम में डूबा परिवार, तीन बहनों का इकलौता भाई था अमनदीप घटना की सूचना मिलते ही वजीरगंज थाना क्षेत्र की बगरैन पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुछ ही देर में रोते-बिलखते परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। अमनदीप तीन बहनों और दो भाइयों में परिवार का होनहार सहारा था। कम उम्र में उसकी अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों में आक्रोश, तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग इस दर्दनाक हादसे के बाद से स्थानीय लोगों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश एवं भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सैदपुर-बगरैन मार्ग पर बेकाबू रफ्तार से दौड़ने वाले वाहनों के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर वाहनों की रफ्तार पर कड़ी लगाम लगाने और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है।
Source link
बदायूं में गाड़ी ने प्रतियोगी छात्र को कुचला, मौत:सैदपुर-बगरैन मार्ग पर हादसा, लाइब्रेरी से लौट रहा था घर
