Headlines

बरनाला में पुलिस हिरासत में युवक की मौत:परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा, चोरी का मोबाइल बेचने के आरोप में पकड़ा था




बरनाला के थाना ठुलीवाल में पूछताछ के लिए बुलाए गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गांव टिब्बा निवासी प्रदीप उर्फ मंगा के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सिविल अस्पताल बरनाला में एकत्रित होकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर रोष प्रदर्शन और हंगामा किया। परिजनों ने पुलिस पर हिरासत के दौरान प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। 10 मिनट पहले अंदर गया, बेसुध होकर बाहर आया मृतक के भाई अमृतपाल सिंह ने बताया कि प्रदीप ने हाल ही में किसी राहगीर से एक मोबाइल फोन खरीदा था, जो बाद में चोरी का निकला। इसी सिलसिले में जांच और पूछताछ के लिए ठुलीवाल पुलिस ने रविवार दोपहर प्रदीप को परिजनों के साथ थाने बुलाया था।अमृतपाल के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने प्रदीप के पिता और भाई को थाने के बाहर ही बिठा दिया और प्रदीप को अकेले अंदर ले गए। आरोप है कि अंदर जाने के महज 10 मिनट के भीतर ही पुलिसकर्मी घबराए हुए बाहर आए और कहा कि प्रदीप की तबीयत अचानक खराब हो गई है। इसके बाद दो जवान उसे बेसुध हालत में सरकारी गाड़ी में डालकर अस्पताल की तरफ भागे। परिजनों का दावा है कि प्रदीप की मौत थाने के अंदर ही हो चुकी थी। “अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम” — पुलिस की सफाई मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बरनाला के एसपी (डी) संजीव गोयल ने पुलिस का पक्ष रखते हुए बताया कि युवक को केवल पूछताछ के लिए बुलाया गया था। पूछताछ के दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। पुलिसकर्मियों ने बिना वक्त गंवाए उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे ‘ब्रॉट डेड’ (अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत) घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी स्थिति: एसपी एसपी संजीव गोयल ने पीड़ित परिवार को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि प्रदीप के शव को सिविल अस्पताल बरनाला के मर्चुरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया गया है। इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट और परिजनों के आधिकारिक बयानों के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस कस्टडी में हुई इस मौत के बाद से गांव टिब्बा और अस्पताल परिसर में माहौल बेहद तनावपूर्ण बना हुआ है। परिजनों ने मांग की है कि जब तक जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी मामला दर्ज नहीं किया जाता, वे न्याय के लिए अपना संघर्ष जारी रखेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *