Headlines

बरनाला में सफाई सेवकों पर लाठीचार्ज पर डीएसपी सस्पेंड:सीएम मान के निर्देश पर कार्रवाई; पिटाई के कई वीडियो हुए थे वायरल




पंजाब सरकार ने बरनाला में सफाई सेवकों पर हुए लाठीचार्ज मामले में कार्रवाई की है। इस घटना के बाद डीएसपी सिटी सतवीर सिंह बैंस को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर की गई है। लोकसभा हलका संगरूर से सांसद और पूर्व कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इस फैसले की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ इस पूरे मामले पर विस्तार से चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया। यह घटना 2 दिन पहले बरनाला के हंडियाया बाजार में हुई थी, जहां सफाई सेवकों और पुलिस के बीच टकराव हुआ था। प्रदर्शन के दौरान पुरुष पुलिसकर्मियों द्वारा महिला सफाई सेवकों की कथित तौर पर पिटाई के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इन वीडियो के सामने आने के बाद पूरे इलाके में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए थे। राजनीतिक दल दोषियों के खिलाफ कर रहे थे कार्रवाई की मांग सफाई सेवक संगठन और विभिन्न राजनीतिक दल दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे थे। बरनाला में सफाई सेवक और नगर निगम कर्मचारी वेतन वृद्धि और स्थायी रोजगार जैसी अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से हड़ताल पर थे। हंडियाया बाजार में प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। सफाई सेवकों ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने उनके शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर लाठियां भांजीं, जिससे कई कर्मचारी घायल हो गए थे। एससी आयोग कर चुका रिपोर्ट तलब मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग और पंजाब राज्य अनुसूचित जाति (एससी) आयोग ने भी घटना का कड़ा संज्ञान लेते हुए प्रशासन से रिपोर्ट तलब की थी। चौतरफा दबाव और मुख्यमंत्री भगवंत मान के सीधे हस्तक्षेप के बाद आखिरकार डीएसपी सिटी पर निलंबन की गाज गिरी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *