![]()
बलौदाबाजार के भाटापारा ग्रामीण इलाके में पुलिस ने नामी कंपनियों के नाम पर नकली लुब्रिकेंट बेचने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नामी कंपनियों की पैकिंग वाले 246 नकली डिब्बे जब्त किए हैं। जब्त सामान की कीमत करीब 4.30 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने यह कार्रवाई ग्राम अर्जुनी के जय जगन्नाथ यूरिया-पानी एवं ग्रीसिंग सेंटर में की। ईआईपीआर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि शनि घोष ने पुलिस से शिकायत की थी कि यहां टाटा और गल्फ ब्रांड के नाम से नकली प्रोडक्ट बेचे जा रहे हैं। पुलिस ने 4.30 लाख का माल पकड़ा शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने दुकान की जांच की। इस दौरान वहां असली सामान जैसी पैकिंग में नकली इंजन ऑयल और डीजल एग्जॉस्ट फ्लुइड (डीईएफ) मिले। पुलिस ने टाटा मोटर्स नाम के 149 और गल्फ ऑयल नाम के 97 डिब्बे जब्त किए। पुलिस ने आरोपी दिनेश रजक (20) को गिरफ्तार किया है। वह मुढीपार-रवान, कोतवाली का रहने वाला है। उसके खिलाफ भाटापारा ग्रामीण थाने में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। नामी कंपनियों की नकली पैकिंग में बेच रहा था लुब्रिकेंट थाना प्रभारी हेमंत पटेल ने बताया कि आरोपी असली कंपनियों के नाम, लोगो और रंग-रूप जैसी पैकिंग तैयार करवाता था। देखने में सामान असली जैसा लगता था, लेकिन उसकी गुणवत्ता खराब थी। ऐसे नकली लुब्रिकेंट से वाहनों के इंजन को नुकसान पहुंच सकता है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि नकली सामान कहां से लाया गया था और इस कारोबार में आरोपी के साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं। एसपी गौरव राय ने व्यापारियों और ग्राहकों से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोई भी ब्रांडेड सामान खरीदने से पहले उसका होलोग्राम स्टिकर, बैच नंबर और बिल जरूर जांच लें। अगर कहीं नकली सामान बिकने की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। फिलहाल, मामले में फरार अन्य लोगों की तलाश की जा रही है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Source link
बलौदाबाजार में नकली इंजन ऑयल जब्त, तस्कर गिरफ्तार:असली जैसी पैकिंग में बेच रहा था नकली लुब्रिकेंट, 4.30 लाख के 246 डिब्बे जब्त
