![]()
बहादुरगढ़ के गांव भापड़ौदा में दोस्तों के साथ पशुबाड़े में बैठकर पार्टी कर रहे 32 वर्षीय युवक ओमबीर की ईंट मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पुलिस ने अभी गिरफ्तार आरोपी की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। आरोपी गांव का ही रहने वाला बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में शराब पीने के दौरान कहासुनी के बाद विवाद बढ़ने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी पुरानी रंजिश की बात सामने नहीं आई है। मृतक भापड़ौदा निवासी ओमबीर (32) पुत्र प्रीत के रूप में हुई है। ओमबीर खेतीबाड़ी का काम करते थे। पुलिस के अनुसार, सोमवार रात ओमबीर गांव के ही कुछ लोगों के साथ रवि पुत्र बिजेंद्र के पशुबाड़े में बैठकर पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पार्टी में शामिल एक युवक ने ओमबीर के सिर पर ईंट से वार कर दिया। ईंट सिर में लगने से ओमबीर गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर हमले में इस्तेमाल की गई ईंट भी पड़ी मिली थी। झगड़े में अमित भी हुआ घायल विवाद के दौरान गांव का ही अमित भी घायल हो गया। परिजन और अन्य लोग उसे उपचार के लिए झज्जर स्थित वर्ल्ड मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार वारदात के बाद आसौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी क्राइम शुभम सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले में कड़ी से कड़ी जोड़कर जांच कर रही है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और उससे पूछताछ जारी है। पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ओमबीर को ईंट किसने मारी और किस बात को लेकर कहासुनी हुई थी। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि शराब पीने के बाद विवाद हुआ था, जिसके बाद ओमबीर पर ईंट से हमला किया गया। हालांकि अभी तक किसी पुरानी रंजिश की बात सामने नहीं आई है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल लोग गांव के ही रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और पूछताछ के आधार पर हत्या में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वारदात की वास्तविक वजह और हत्या में शामिल सभी लोगों की भूमिका स्पष्ट की जाएगी।
Source link
बहादुरगढ़ ओमबीर हत्या मामला:शराब पीने के दौरान हुआ था विवाद, एक आरोपी गिरफ्तार, गांव का ही रहने वाला आरोपी
