![]()
मथुरा के वृंदावन में राजकीय बालिका गृह में लड़कियों ने 14 साल की सहेली को बाथरूम में डुबोकर मार डाला। पुलिस के मुताबिक, दोनों बालिका गृह से बाहर निकलना चाहती थीं। उन्हें लगा कि किसी की मौत होने पर बालिका गृह बंद हो सकता है और सभी लड़कियों को घर भेज दिया जाएगा। वारदात के बाद पुलिस पहुंची तो आरोपी लड़कियां रोने का नाटक करने लगीं। हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने दूसरी लड़कियों को भी अपने साथ कर लिया। मृत किशोरी को न्याय दिलाने के नाम पर नारेबाजी की। CCTV कैमरों को तोड़ने की भी कोशिश की। पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभाली। शनिवार को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आई। इसमें पानी में डूबने से किशोरी की मौत की पुष्टि हुई। पुलिस ने CCTV खंगाले तो पता चला कि बाथरूम में तीन किशोरियां गई थीं, लेकिन 45 मिनट बाद दो ही बाहर निकलीं। शक के आधार पर पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। दोनों ने वारदात कबूल कर ली। राजकीय बालिका गृह चैतन्य विहार इलाके में है। यहां 140 लड़कियां रहती हैं। दोनों आरोपी किशोरियों की उम्र 15-15 साल है। एक पीलीभीत और दूसरी अलीगढ़ की रहने वाली है। बालिका गृह की अधीक्षिका प्रगति खरे ने FIR दर्ज कराई है। इसमें दोनों आरोपी किशोरियों के अलावा साजिश में शामिल तीन किशोरियों को भी आरोपी बनाया गया है। लड़कियां बोलीं- संरक्षण गृह में मन नहीं लग रहा था, इसलिए वारदात की पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों आरोपी किशोरियों ने बताया- हमारा संरक्षण गृह में मन नहीं लग रहा था। इसलिए हम यहां से निकलना चाहते थे। इसी दौरान किसी ने हमसे कहा कि अगर यहां किसी की मौत हो जाए तो संरक्षण गृह बंद हो सकता है। यहां रहने वाली लड़कियों को घर भेज दिया जाएगा। इसके बाद हम दोनों ने हत्या की साजिश रची। शुक्रवार सुबह 11 बजे जैसे ही सहेली बाथरूम में गई, पीछे-पीछे हम भी चले गए। उसका सिर पानी से भरी बाल्टी में डुबो दिया। वह तड़पने लगी। जैसे ही उसके शरीर में हरकत बंद हुई, हम उसे फर्श पर छोड़कर बाहर निकल आए। दोपहर साढ़े 3 बजे दूसरी लड़की बाथरूम में पहुंची तो वारदात का पता चला। इसके बाद बालिका गृह के अधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी। शुरुआत में पुलिस को यह नेचुरल डेथ (प्राकृतिक मौत) का मामला लगा। क्योंकि, बॉडी पूरी तरह से सूखी हुई थी। शरीर पर चोट के निशान भी नहीं थे। फिर पुलिस ने प्रोटोकॉल के तहत शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया और पूछताछ शुरू की। इस दौरान लड़कियों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने कहा- यहां की व्यवस्था ठीक नहीं है। बालिका गृह रहने लायक नहीं है। हमारी सहेली को न्याय नहीं मिला तो हम प्रदर्शन करेंगे। SSP बोले- CCTV दिखाकर पूछताछ की तो लड़कियों ने वारदात कबूली शनिवार दोपहर में जिला अस्पताल में किशोरी का पोस्टमॉर्टम हुआ। शाम को रिपोर्ट आई तो पता चला कि लड़की की मौत डूबने और दम घुटने से हुई है। इसके बाद हड़कंप मच गया। पुलिस ने बालिका गृह के CCTV खंगालने शुरू किए। SSP श्लोक कुमार ने बताया- जिस कमरे में किशोरी रह रही थी, उसके बगल में ही बाथरूम था। कॉरिडोर में लगे CCTV में तीनों लड़कियां बाथरूम में जाती दिखीं, लेकिन बाहर सिर्फ दो आईं। CCTV दिखाकर उनसे पूछताछ की गई तो उन्होंने वारदात कबूल कर ली। बॉयफ्रेंड के साथ घर से भाग गई थीं, तब से बालिका गृह में रह रही थीं पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी लड़कियां करीब डेढ़ महीने से बालिका गृह में रह रही थीं। दोनों अपने बॉयफ्रेंड के साथ घर से भाग गई थीं। पुलिस ने दोनों को बरामद किया। जब परिवार को सुपुर्द करने की बात आई तो परिजन ने उन्हें अपने साथ रखने से मना कर दिया। इसके बाद दोनों को बालिका गृह भेजा गया। इनमें से एक पर अपने घर में चोरी करने का भी आरोप है। बालिका गृह प्रशासन बोला- पढ़ाई में अच्छी थी किशोरी राजकीय बालिका गृह प्रशासन के मुताबिक, मृतक लड़की के जन्म के कुछ समय बाद ही उसके पिता की मौत हो गई थी। मां मानसिक रूप से बीमार थी। बाद में उसकी भी मौत हो गई और लड़की को राजकीय बालिका संरक्षण गृह लाया गया। वह पढ़ाई में अच्छी थी। अच्छे व्यवहार की वजह से संरक्षण गृह प्रशासन ने उसे स्कूल भेजने की अनुमति दी थी। वह संदीपनी मुनि स्कूल में पढ़ रही थी। ————————– यह खबर भी पढ़िए कांग्रेस सांसद के दामाद को अखिलेश ने सपा जॉइन कराई, इमरान मसूद ने कहा था- मेरे परिवार से कोई चुनाव नहीं लड़ेगा सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के दामाद काजी शायान मसूद गुरुवार को समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। शायान अभी तक कांग्रेस में थे। यहां पढ़ें पूरी खबर
Source link
बालिका गृह में दो बच्चियों ने सहेली को डुबोकर मारा:मथुरा में रो-रोकर नाटक करती रहीं, पकड़ाईं तो बोलीं- घर जाना था, इसलिए ऐसा किया
