![]()
हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र में कालांवाली से कांग्रेस विधायक शीशपाल सिंह कहरवाला ने प्रदेश की बिजली व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने बिजली उत्पादन, दूसरे राज्यों से बिजली खरीद, गांवों में 24 घंटे सप्लाई, बिजली निगम में खाली पदों और नए पावर प्लांट नहीं लगाने को लेकर सरकार से जवाब मांगा। विधायक ने कहा कि सरकार उत्पादन से ज्यादा बिजली दूसरे राज्यों से खरीद रही है, जबकि पिछले 12 वर्षों में एक भी नया पावर प्लांट नहीं लगाया गया। विधायक के सवाल के जवाब में सरकार की ओर से बताया गया कि प्रदेश में 2 लाख 13 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है, जबकि हरियाणा दूसरे राज्यों से 5 लाख 55 हजार मेगावाट बिजली ले रहा है। इस पर शीशपाल कहरवाला ने कहा कि यह प्रदेश के लिए अच्छे संकेत नहीं हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब दूसरे राज्यों से इतनी बड़ी मात्रा में बिजली खरीदनी पड़ रही है तो प्रदेश में बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए क्या प्रयास किए गए। सिरसा में बिजली कटौती पर सरकार को घेरा विधायक ने 24 घंटे बिजली सप्लाई वाले गांवों का मुद्दा भी सदन में उठाया। सरकार की ओर से बताया गया कि प्रदेश के 7,250 गांवों में से 1,145 गांवों को 24 घंटे बिजली सप्लाई से वंचित रखा गया है, जबकि करीब 84 प्रतिशत गांवों को यह सुविधा मिल रही है। डीएचबीवीएन के तहत सिरसा के 354 गांवों में 24 घंटे बिजली सप्लाई दिए जाने की जानकारी भी दी गई। इस पर विधायक ने कहा कि आंकड़ों और जमीनी हकीकत में अंतर है। उनके अनुसार पिछले तीन महीनों से सिरसा शहर और जिले के लोग बिजली कटौती से परेशान हैं और कई जगह धरना-प्रदर्शन तक हुए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 6 से 8 घंटे तक बिजली कट लग रहे हैं। बिजली निगम में 25 हजार से ज्यादा पद खाली विधायक ने बिजली निगम में कर्मचारियों की कमी का मुद्दा भी उठाया। सरकार के जवाब के अनुसार बिजली निगम में कुल 53,289 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 27,746 पद भरे हुए हैं, जबकि 25,543 पद खाली पड़े हैं। शीशपाल कहरवाला ने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी संख्या में पद खाली होने के बावजूद बिजली निगम का काम कैसे सुचारू रूप से चलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश विकास की ओर बढ़ने का दावा कर रहा है, लेकिन बिजली व्यवस्था में मैनपावर की कमी गंभीर समस्या है। 12 साल में एक भी नया पावर प्लांट नहीं लगा- विधायक कहरवाला ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रदेश में बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए एक भी नया पावर प्लांट नहीं लगाया गया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के समय चार पावर प्लांट लगाए गए थे। उन्होंने सरकार से पूछा कि नए पावर प्लांट क्यों नहीं लगाए गए और प्रदेश को बिजली के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर क्यों होना पड़ रहा है। विज बोले- आंधी-तूफान से टूटे 37,892 पोल बिजली मंत्री अनिल विज ने विधायक के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि मई से जुलाई के बीच प्रदेश में कई तेज आंधी-तूफान आए। इस दौरान पूरे प्रदेश में 37,892 बिजली के पोल टूटकर गिर गए। उन्होंने कहा कि बिजली निगम के कर्मचारियों ने कम समय में इन पोल को ठीक करने का काम किया, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। विज ने बताया कि कालांवाली क्षेत्र में भी जुलाई के दौरान 12 बिजली के पोल टूटे थे। उन्होंने बिजली निगम में खाली पदों के आंकड़ों को सही बताया, लेकिन कहा कि ये आंकड़े कांग्रेस सरकार के समय से चले आ रहे हैं। सप्लीमेंट्री सवाल पर समानांतर वितरण लाइसेंस का मुद्दा सप्लीमेंट्री सवाल के दौरान शीशपाल कहरवाला ने समानांतर वितरण लाइसेंस का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पांचवीं कंपनी को दो-तीन दिन पहले ही लाइसेंस दिया गया है। इस पर बिजली मंत्री अनिल विज ने कहा कि इस संबंध में सरकार विधानसभा के पटल पर जवाब दे चुकी है। उन्होंने सिरसा के गांवों में बिजली कटौती होने की बात भी स्वीकार की और कहा कि विभाग व्यवस्था सुधारने के लिए काम कर रहा है। विधायक ने सरकार से बिजली उत्पादन बढ़ाने, 24 घंटे सप्लाई के वादे को पूरा करने और बिजली निगम में खाली पड़े पदों को भरने की मांग की।
Source link
बिजली कटौती के मुद्दे पर कालांवाली MLA ने उठाए सवाल:विधानसभा में बोले-लोग धरने पर बैठे, 24 घंटे बिजली का किया था वादा
