![]()
प्रतापगढ़ के मान्धाता नगर पंचायत बाजार और आसपास के गांवों में बिजली कटौती के खिलाफ प्रदर्शन करना ग्रामीणों को महंगा पड़ गया। शनिवार को सराय भीमसेन बिजली उपकेंद्र पर प्रदर्शन करने वाले चेयरमैन प्रतिनिधि बादल पटेल समेत 9 नामजद और 100 से ज्यादा अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ जेठवारा थाने में आज रविवार को केस दर्ज किया गया है। यह केस बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) राजेश कुमार की शिकायत पर दर्ज हुआ है। केस दर्ज होने की खबर सामने आने के बाद इलाके में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली की दिक्कत से परेशान होकर उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखी थी। प्रदर्शनकारियों पर हुई इस कार्रवाई से लोग नाराज हैं।
दरअसल, मान्धाता नगर पंचायत बाजार और आसपास के ग्रामीण इलाकों में लगातार बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। कई-कई घंटे बिजली गुल रहने से इलाके में अंधेरा छा जाता है। इससे घरेलू कामकाज के साथ दुकानदारों और दूसरे उपभोक्ताओं को भी दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार ने पहले ही मिट्टी का तेल बंद कर दिया है, ऐसे में बिजली की खराब सप्लाई ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। इसी समस्या को लेकर शनिवार सुबह करीब 11 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण 132 केवीए सराय भीमसेन पावर हाउस पहुंचे थे। ग्रामीणों ने पावर हाउस को घेरकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने बिजली विभाग से नियमित सप्लाई और समस्या का तुरंत समाधान करने की मांग की थी। प्रदर्शन में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि बादल पटेल के साथ मान्धाता इलाके के दीपू तिवारी, निर्भय सिंह, निक्की सिंह, संजय सिंह, प्रभात, दिलीप कुमार, विकास, मनोज, सुरेश, पन्नालाल और सभासद सूरत पटेल समेत कई ग्रामीण मौजूद थे। मौके पर 112 पीआरबी और इंस्पेक्टर जटवाड़ा पुलिस बल के साथ मौजूद थे।
Source link
बिजली कटौती पर आवाज उठाने वालों पर मुकदमा:चेयरमैन प्रतिनिधि समेत 9 नामजद और 100 से अधिक अज्ञात पर मुकदमा, VIDEO
