बुरहानपुर में ग्रामीण कांग्रेस का महंगाई पर प्रदर्शन:नावरा में निकाली रैली, केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी




बुरहानपुर में बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस का ‘हल्ला बोल’ अभियान जारी है। शुक्रवार दोपहर नेपानगर क्षेत्र के ग्राम नावरा में ग्रामीण कांग्रेस कमेटी ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने गांव में रैली निकालकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व विधायक रविंद्र महाजन ने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में महंगाई के खिलाफ ‘हल्ला बोल’ अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि जरूरी वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम लोगों का बजट बिगड़ गया है। महाजन ने दावा किया कि चीनी पहले 35 रुपए किलो मिलती थी, जो अब 70 रुपए किलो तक पहुंच गई है। उन्होंने फर्टिलाइजर, गैस सिलेंडर और बिजली के दाम बढ़ने का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि किसानों की आय में अपेक्षित वृद्धि नहीं हुई है, जबकि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। उनके मुताबिक पोटाश का रेट 2,250 रुपए तक पहुंच गया है और सल्फेट के दाम भी बढ़े हैं। वहीं, आम लोगों पर दवाइयों का खर्च भी बढ़ा है। महाजन बोले- उद्योगपतियों को फायदा, जनता पर बढ़ रहा बोझ रविंद्र महाजन ने आरोप लगाया कि सरकार बड़े उद्योगपतियों और फैक्ट्री मालिकों को फायदा पहुंचाना चाहती है, जबकि महंगाई का बोझ आम जनता पर बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में इसे लेकर लगातार विरोध दर्ज कराया जा रहा है और जनता अब जाग चुकी है। नावरा ब्लॉक कांग्रेस पर्यवेक्षक और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र पाटील ने कहा कि महंगाई के खिलाफ रैली इसलिए निकाली गई है, ताकि लोगों को यह बताया जा सके कि विपक्ष में रहते हुए कांग्रेस उनकी आवाज उठा रही है। उन्होंने बच्चों के पेपर लीक होने का मुद्दा भी उठाया और आरोप लगाया कि कांग्रेस गांव-गांव जाकर लोगों को बता रही है कि सरकार गरीबों के बजाय पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है। कांग्रेस नेत्री निर्मला जावकर ने भी प्रदर्शन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि चीनी के दाम 70 रुपए किलो तक पहुंचने से राखी जैसे त्योहारों पर मिठाइयां महंगी हो गई हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि बढ़ती महंगाई के बीच आम परिवार त्योहार कैसे मनाएगा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता मनीष कोल्हे सहित कई कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *