![]()
बेमेतरा सिटी कोतवाली और साइबर पुलिस टीम ने साइबर धोखाधड़ी के मामलों में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी अपने बैंक खाते दूसरे लोगों को बेच रहे थे। इन खातों में छत्तीसगढ़ और दूसरे राज्यों से की गई साइबर ठगी की रकम पहुंच रही थी। पुलिस ने इन खातों को ‘म्यूल अकाउंट’ मानकर जांच शुरू की है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को 10 सितंबर को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। बैंक खाते में 95 लाख का लेनदेन पुलिस ने बताया कि कोतवाली थाने में दर्ज मामला नंबर 583/2025 और 254/2026 की जांच के दौरान म्यूल अकाउंट की जानकारी सामने आई। इंडियन ओवरसीज बैंक के एक खाते की जांच से पता चला कि 18 सितंबर 2024 से 31 मई 2025 तक इसमें कुल 95 लाख 9 हजार 31 रुपए जमा हुए थे। वहीं, 94 लाख 92 हजार 342 रुपए निकाले गए थे। इस खाते में 2 जनवरी 2025 को आंध्रप्रदेश और तमिलनाडु के लोगों से की गई साइबर ठगी की रकम भी पहुंची थी। पुलिस ने बैंक स्टेटमेंट और साइबर शिकायतों के आधार पर खाताधारक दुष्यंत कुमार साहू को आरोपी बनाया। पुलिस की पूछताछ में दुष्यंत साहू ने बताया कि उसने ग्राम खाती निवासी राहुल साहू से पैसे लेकर अपने और दूसरे लोगों के बैंक खाते खुलवाए थे। इन खातों की पासबुक, एटीएम कार्ड और सिम राहुल साहू को दिए गए थे। इसी तरह, एक दूसरे मामले में पुलिस ने इंडियन ओवरसीज बैंक और पंजाब नेशनल बैंक के खातों की जांच की। इन खातों में भी साइबर ठगी की रकम जमा होने की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, अलग-अलग लेनदेन में कुल 1 लाख 67 हजार 389 रुपए संदिग्ध मिले। इन खातों में भी ज्यादा पैसों का लेनदेन हुआ था। जांच में यह भी सामने आया कि हर खाते के बदले 7 हजार रुपए लिए गए थे। पैसे लेकर बैंक खाता, ATM और सिम देने का आरोप पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी संतोष साहू ने रेखराज कुर्रे और त्रिपुरारी साहू को पैसे देकर उनके बैंक खाते, एटीएम कार्ड और मोबाइल सिम लिए थे। आरोप है कि संतोष ने ये सभी चीजें रायपुर के रहने वाले सैंकी को दे दीं। इसके बदले उसे हर बैंक खाते के लिए 7 हजार रुपए मिले। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में ऐसे लोग भी शामिल हैं, जो बैंक खाते, एटीएम कार्ड और मोबाइल सिम खरीदकर आगे दूसरे लोगों को बेचते थे। पुलिस अब उन लोगों की तलाश कर रही है, जिन्होंने ये खाते खरीदकर इस्तेमाल किए। ये 11 आरोपी गिरफ्तार पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं- साहिल महिलांगे (19), नंदकुमार महिलांगे (45), थनवार यादव (20), सागर यादव (23), रेखराज कुर्रे (40), त्रिपुरारी साहू (27), करण चन्द्राकर (22), शंकर वर्मा (21), गगन वर्मा (21), शुभम वर्मा (21) और संतोष कुमार साहू (41)। बैंक खाता और OTP किसी को न दें थाना प्रभारी सोनल ग्वाला ने लोगों से अपील की है कि अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, मोबाइल सिम या बैंकिंग से जुड़ी जानकारी किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल करने के लिए न दें। अनजान लोगों के साथ OTP भी शेयर न करें। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन विज्ञापन या किसी तरह के लालच में आकर अपनी बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें।
Source link
बैंक खाते बेचकर साइबर ठगी, 11 आरोपी गिरफ्तार:बेमेतरा पुलिस ने म्यूल अकाउंट से दूसरे राज्यों की ठगी पकड़ी, पासबुक-एटीएम बेचने वाला भी गिरफ्तार
