![]()
बोकारो के जरीडीह थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-32 पर सड़क हादसे में 60 वर्षीय बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान बहादुरपुर निवासी चंडी चरण ठाकुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, चंडी चरण ठाकुर अपनी बाइक से रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-32 पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। चाय-पकौड़ी की दुकान से चलता था घर चंडी चरण ठाकुर बहादुरपुर में चाय-पकौड़ी की छोटी दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो बेटे और तीन विवाहित बेटियां हैं। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के भाई ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी। अब कमाने वाले सदस्य के चले जाने से जीविका का संकट गहरा गया है। परिजनों ने प्रशासन और वाहन मालिक से उचित मुआवजे की मांग की है, ताकि परिवार का गुजर-बसर किसी तरह हो सके। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने ट्रक जब्त किया, मुआवजे की मांग हादसे की सूचना मिलते ही जरीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है। बहादुरपुर की मुखिया पुष्पा देवी ने बताया कि पुलिस ने वाहन मालिक के आने की बात कहकर उन्हें थाना बुलाया था, लेकिन काफी देर तक कोई नहीं पहुंचा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मृतक के गरीब परिवार को जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिलाया जाए। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बोकारो में बाइक सवार को ट्रक ने कुचला:रेलवे स्टेशन जाते समय हुआ हादसा, पीछे से मारी टक्कर, मौके पर ही गई जान
