Headlines

भोजपुर के उदवंतनगर में युवक की गोली मारकर हत्या:घर से 500 मीटर दूर नहर के पास बैठा था, गाली-गलौज के बाद सीने दागी बुलेट; अस्पताल लाने के दौरान तोड़ा दम




भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के नीमा गांव में सोमवार शाम हथियारबंद बदमाशों ने 23 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। युवक गांव से करीब 500 मीटर दूर बड़ी नहर के पास बैठा था। इसी दौरान पहुंचे दो हथियारबंद युवकों से उसकी बकझक हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक युवक ने हथियार निकालकर गोली मारने की धमकी दी और सामने से उसके सीने में गोली दाग दी। गोली लगते ही युवक खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन और ग्रामीण उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही उदवंतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। मृतक की पहचान उदवंतनगर थाना क्षेत्र के नीमा गांव के वार्ड नंबर 8 निवासी स्व. संतोष कुमार के 23 साल के बेटे शत्रुध्न कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शत्रुध्न घर का इकलौता बेटा था। उसके परिवार में पत्नी रुंगटा कुमारी, बेटी रूही कुमारी, मां सुमित्रा देवी और 20 दिन का दुधमुंहा बेटा है। दादा कृष्णा कुमार ने बताया कि करीब 20 दिन पहले ही शत्रुध्न के घर बेटे का जन्म हुआ था। बेटे के जन्म के बाद वो काफी खुश था। परिवार के लोगों के अनुसार, घर में बच्चे के जन्म की खुशियां अभी पूरी तरह खत्म भी नहीं हुई थीं कि सोमवार शाम अचानक मातम पसर गया। सोमवार शाम घर से करीब 500 मीटर दूर बड़ी नहर के पास बैठा था दादा ने बताया कि शत्रुध्न सोमवार शाम घर से करीब 500 मीटर दूर बड़ी नहर के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव के ही दो युवक हथियार लेकर वहां पहुंचे। दोनों की शत्रुध्न से किसी बात को लेकर बकझक होने लगी। शत्रुध्न ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि एक युवक ने हथियार निकाल लिया और उसे गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद युवक ने शत्रुध्न के सीने में गोली मार दी। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने बताया कि आरोपियों से शत्रुध्न का दोपहर में भी विवाद हुआ था। हालांकि विवाद किस बात को लेकर हुआ था, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा है। पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। 20 दिन के दुधमुंहे बेटे के सिर से पिता का साया उठने से परिवार में मातम पसरा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *