![]()
मथुरा के नौहझील थाना क्षेत्र में रविवार शाम हुई युवक अवनीश उर्फ रवनी सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने गुरुवार को मुख्य आरोपी सतेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की है। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बाजना से घर लौटते समय रास्ते में रोका गांव मुडलिया निवासी अवनीश रविवार शाम करीब सवा सात बजे बाजना में दंगल देखकर बाइक से घर लौट रहा था। पुलिस के मुताबिक, बाजना-मुडलिया मार्ग पर महाशय भट्ट के पास सतेंद्र पहले से घात लगाए बैठा था। उसने अवनीश को रोका और तमंचे से गोली चला दी। गोली लगने से अवनीश सड़क पर गिर गया। उसे एक गोली गले और दूसरी सिर के पीछे लगी थी। गंभीर हालत में वह मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। भाई ने दो लोगों के खिलाफ दर्ज कराया केस सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के बड़े भाई सत्यपाल ने नौहझील थाने में दो नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे पारिवारिक रंजिश सामने आई है। सत्यपाल ने पुलिस को बताया कि सतेंद्र की पत्नी बबली अपने दो बच्चों को छोड़कर अवनीश के साथ रहने लगी थी। इसी बात को लेकर सतेंद्र और उसके साथियों की अवनीश से रंजिश थी। पुलिस इसी रंजिश को हत्या की वजह मानकर जांच कर रही है। तीन टीमों ने दबिश देकर पकड़ा घटना के खुलासे के लिए सीओ मांट अमरनाथ सिंह ने तीन पुलिस टीमें गठित की थीं। टीमों ने आरोपियों की तलाश में कई जगह दबिश दी और मुखबिरों को सक्रिय किया। गुरुवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे पुलिस ने मुख्य आरोपी सतेंद्र कुमार को मुडलिया-बाजना रोड से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के बाद उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
Source link
मथुरा में युवक की गोली मारकर हत्या का आरोपी अरेस्ट:दंगल देखकर बाइक से लौट रहा था, रास्ते में रोककर 2 गोलियां मारी थीं
