![]()
मुजफ्फरपुर में डायन का आरोप लगाकर 50 साल की महिला की पिटाई कर दी गई। महिला की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। जिसके बाद आक्रोशित परिजन ने लाश को मुख्य आरोपित के दरवाजे पर रखा और हंगामा शुरू कर दिया। सोमवार को पुलिस ने लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए एसकेएमसीएच लाया। परिजन ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है। परिजन के बयान पर केस दर्ज कर लिया गया है। जिसमें 6 लोगों को नामजद किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। वे लोग अभी फरार हैं। घटना कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र की है।
घर में अकेली थी महिला मृतका के बेटे के अनुसार, शनिवार की रात मां घर में अकेली थी। मैं गाड़ी चलाने का काम करता है और घटना के समय गाड़ी लेकर बाहर गया था। बेटे का आरोप है कि पड़ोस के लोग मां को करीब एक साल से डायन बताकर प्रताड़ित कर रहे थे। शनिवार की रात आरोपितों ने महिला को पकड़ लिया और बेरहमी से पिटाई की। उसे पटक-पटककर मारा गया, जिससे सिर में गंभीर चोट लगी।
तीन अस्पतालों में कराया इलाज, फिर भी नहीं बची जान परिजन के अनुसार, गंभीर हालत में महिला को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां से रेफर किए जाने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। इसके बाद उसे आईटी मेमोरियल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार शाम उसकी मौत हो गई। बेटे ने बताया कि इलाज पर करीब 80 से 85 हजार रुपए खर्च हुए, लेकिन मां की जान नहीं बच सकी। मृतका के बेटे ने शिवचंद्र राय, सर्वन कुमार, अमर राय और गुंजेश कुमार समेत अन्य लोगों पर मारपीट में शामिल होने का आरोप लगाया है। उसने कहा कि आरोपित आर्थिक रूप से मजबूत हैं और पहले भी धमकी देते थे। बेटे का दावा है कि आरोपित कहते थे कि वे लोग उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगे और केस को दबा दिया जाएगा। उसने यह भी आरोप लगाया कि परिवार ने पहले प्रताड़ना की शिकायत की थी, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला।
गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है कच्ची-पक्की ओपी प्रभारी पुष्पा कुमारी ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। इसमें छह लोगों को नामजद किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
Source link
महिला हत्याकांड में 6 को किया नामजद:पड़ोसियों पर डायन का आरोप लगाकर मारपीट करने का आरोप, बेटा बोला- मैं घर पर नहीं था
