Headlines

मोगा में फर्जी महिला एएसआई गिरफ्तार:अच्छे घर में शादी के लिए 2 महीने तक बनी फर्जी ASI; वर्दी पहनकर थाने के पास जमाती थी रौब




पंजाब के मोगा में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने अच्छे परिवार में शादी करने की चाहत में खुद को पंजाब पुलिस की असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) बना लिया। बाकायदा नकली वर्दी पहनी, वॉकी-टॉकी खरीदा और फर्जी आई-कार्ड भी बनवा लिया। उसकी इस चाल में एक परिवार फंस भी गया और एक महीने पहले उसकी शादी हो गई। लेकिन, जरूरत से ज्यादा आत्मविश्वास के चलते पुलिस की सतर्कता से इस लेडी ‘नटवरलाल’ का भांडा फूट गया और अब वह हवालात में है। फर्जी ASI बनने से लेकर पकड़े जाने तक की सिलसिलेवार कहानी: गरीबी से बचने के लिए रचा नाटक डीएसपी सिटी जतिंदर सिंह के मुताबिक, गिरफ्तार महिला की पहचान फिरोजपुर जिले के मल्लेवाला (चंदेवाला मोड़) की रहने वाली कोमलप्रीत कौर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह एक गरीब परिवार से ताल्लुक रखती है। उसकी इच्छा थी कि उसकी शादी किसी संपन्न परिवार में हो। इसके लिए उसने खुद को पुलिस कर्मचारी बताने का शॉर्टकट चुना ताकि लोग प्रभावित हों।
फर्जी नौकरी के दम पर कर ली शादी: कोमलप्रीत ने पुलिस की नकली वर्दी का इंतजाम किया और गांव वालों पर रौब गांठना शुरू कर दिया। उसका यह तरीका काम भी कर गया। पुलिस की नौकरी का रौब दिखाकर करीब एक महीने पहले उसने एक अच्छे परिवार में शादी भी कर ली। ससुराल वालों को यकीन दिलाने के लिए वह रोज ड्यूटी पर जाने का नाटक करती थी।
रोजाना फिरोजपुर से मोगा का सफर ससुराल और गांव वालों को शक न हो, इसलिए वह पिछले करीब दो महीने से रोज अपनी नकली वर्दी पहनकर फिरोजपुर से मोगा आती थी। वह पूरा दिन मोगा में ही बिताती थी ताकि लोगों को लगे कि वह सच में पंजाब पुलिस में अपनी सेवाएं दे रही है। ऐसे देती थी चकमा कोमलप्रीत का कॉन्फिडेंस इतना ज्यादा था कि वह पुलिस से बचने की बजाय मोगा के थाना सिटी-1 के पास बने ‘सांझ केंद्र’ में ही पहुंच जाती थी। वहां जाकर वह अपना टिफिन रख देती थी और स्टाफ से कहती थी कि उसकी ड्यूटी मोगा के मेन चौक पर लगी है। करीब एक घंटे बाद वह वापस आती, अपना टिफिन उठाती और वहां से निकल जाती। आखिर कैसे खुली पोल? थाने के आसपास रोज एक अनजान महिला पुलिसकर्मी को संदिग्ध गतिविधियों के साथ घूमते देख मोगा पुलिस को शक हुआ। कोई भी ASI रोज सांझ केंद्र में टिफिन रखकर सिर्फ एक घंटे में वापस कैसे आ सकता है, यह बात पुलिस को खटकने लगी। पुलिस टीम ने जब उसे रोककर सख्ती से पूछताछ की, तो वह घबरा गई और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने क्या-क्या किया बरामद? आरोपी महिला के पास से पुलिस ने पंजाब पुलिस की नकली वर्दी, दो वॉकी-टॉकी,एक फर्जी पुलिस आई-कार्ड बरामद की हैं

पुलिस ने कोमलप्रीत कौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 204, 205 और 318 (4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उसे अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस फर्जीवाड़े में उसकी मदद और किसने की थी और उसने वॉकी-टॉकी व आई-कार्ड कहां से बनवाए थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *