![]()
पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार को सोनीपत जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। गोहाना रेलवे स्टेशन, सोनीपत लघु सचिवालय, बाबा खाटूश्याम मंदिर सहित सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर भाजपा नेताओं, विधायकों, मंत्रियों, अधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने दीप प्रज्वलित किए। दीपों और रंग-बिरंगी रोशनी से कई स्थान जगमगा उठे। कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना के साथ सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का संदेश दिया गया। गोहाना रेलवे स्टेशन पर मंत्री ने जलाए दीप गोहाना रेलवे स्टेशन पर कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने पत्नी डॉ. रीटा शर्मा और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ दीप प्रज्वलित किए। स्टेशन को रंग-बिरंगी लाइटों और दीपों से सजाया गया था। डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक जीवन में सेवा को सर्वोपरि रखा है। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम सेवा और जनभागीदारी की भावना से जुड़ा है। कार्यक्रम से जुड़ी अलग-अलग तस्वीर देखिए…
निखिल मदान ने स्वास्थ्य और सामाजिक कार्यक्रमों में लिया हिस्सा विधायक निखिल मदान ने सामान्य अस्पताल में टीबी की निशुल्क जांच व उपचार के लिए मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाई और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने राजेंद्र नगर के प्राइमरी स्कूल में बच्चों से संवाद किया। इसके अलावा खाटूश्याम मंदिर, सरकारी स्कूल और स्वर्ण जयंती पार्क में दीप प्रज्वलित किए। उन्होंने कहा कि जन्मदिन को सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना के साथ मनाना चाहिए। विधायक निखिल मदान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाने का अवसर है।‘आशीर्वाद का दीया’ के माध्यम से हम उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए समाजसेवा का संकल्प ले रहे हैं। लघु सचिवालय में मेयर-डीसी ने जलाए दीप लघु सचिवालय में मेयर राजीव जैन और उपायुक्त नेहा सिंह ने अधिकारियों, कर्मचारियों और बच्चों के साथ दीप प्रज्वलित किए। मेयर ने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्रहित में योगदान का संकल्प लेना चाहिए। डीसी ने कहा कि दीप अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने का प्रतीक है और सेवा संकल्प अभियान में जनभागीदारी बढ़ाई जाएगी। खाटूश्याम मंदिर में जिला स्तरीय कार्यक्रम बाबा खाटूश्याम मंदिर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने मंदिर में माथा टेककर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। राई विधायक कृष्णा गहलावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
सेवा संकल्प अभियान समाज में सेवा, जनभागीदारी और जरूरतमंदों की सहायता की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है। गन्नौर विधायक देवेंद्र कादियान ने गुप्तिधाम जैन तीर्थ स्थल में दीप प्रज्वलित किया। उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ सेवा, शुभकामना और संकल्प का प्रतीक है तथा प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से प्रेरणा लेकर नागरिकों को राष्ट्र और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभानी चाहिए। पवन खरखौदा ने सेवा गतिविधियों से जोड़ने की बात कही खरखौदा विधायक पवन खरखौदा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान जनसेवा से प्रेरणा लेने का अवसर है। उन्होंने कहा कि सेवा भारतीय संस्कृति की मूल भावना है और अभियान के दौरान नागरिकों को विभिन्न सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
गन्नौर में कई स्थानों पर दीप प्रज्वलन गन्नौर में गुप्तिधाम जैन तीर्थ स्थल के अलावा रेलवे कोच नवीनीकरण कारखाने, नगरपालिका कार्यालय, उपमंडलीय परिसर और अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम हुए। वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र कौशिक, नगरपालिका अध्यक्ष अरुण त्यागी, सचिव प्रदीप कुमार सहित अधिकारियों-कर्मचारियों ने दीप जलाए। कार्यक्रमों में पूर्व मंत्री कविता जैन, जिला प्रभारी राजबाला, जिला परिषद चेयरपर्सन मोनिका, माईराम कौशिक, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Source link
मोदी के जन्मदिन पर सोनीपत में जले ‘आशीर्वाद के दीये:मंत्री-विधायकों ने दीप जलाकर दीर्घायु की कामना की; दीपावली जैसा माहौल बना
