![]()
पंजाब में नशे के मुद्दे पर राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है। भारतीय जनता पार्टी के नेता और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर की गई एक वीडियो को लेकर पंजाब पुलिस ने उनके दावों को खारिज कर दिया है। बिट्टू ने एक दिन पहले दुगरी रोड का एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें एक युवक नशे की हालत में बुरी तरह बेसुध दिखाई दे रहा था। इस वीडियो को शेयर करते हुए बिट्टू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा तंज कसा था और उन्हें टैग भी किया था। हालांकि, इस मामले में नया मोड़ तब आया जब पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वीडियो में दिख रहे युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में युवक ने चौंकाने वाला खुलासा किया। युवक ने बताया कि उसने नशा नहीं किया था, बल्कि सोशल मीडिया पर सिर्फ रील बनाने और वायरल होने के लिए नशे में होने की एक्टिंग की थी। एसीपी एस.एस. गिल ने स्पष्ट किया कि युवक का मेडिकल परीक्षण करवाया जा रहा है। अगर जांच में नशे की पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, लेकिन फिलहाल पुलिस ने इसे महज एक प्रैंक माना है। पुलिस ने युवक के बयान का वीडियो अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर भी पोस्ट किया है। इससे पहले आप सरकार ने सांसद हरभजन सिंह द्वारा पोस्ट किए गए नशे के वीडियो को भी राजस्थान का बताकर खारिज कर दिया था। इस पूरी घटना ने राज्य में फर्जी वीडियो और उस पर हो रही सियासत पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। रवनीत सिंह बिट्टू के वीडियो पर पुलिस का दावा, जानिए… युवक को हिरासत में लिया: रवनीत सिंह बिट्टू के सोशल मीडिया पर दुगरी रोड पर नशे के हालत में एक युवक का वीडियो पोस्ट किया तो लुधियाना पुलिस हरकत में आई और वीडियो में दिख रहे युवक को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ करनी शुरू कर दी। फेमस होनेके लिए एक्टिंग की: पुलिस पूछताछ में युवक ने दावा किया कि उसने कोई नशा नहीं किया था। उसने बताया कि यह वीडियो उसके दोस्त ने बनाया था और उसने केवल सोशल मीडिया पर मशहूर होने के लिए यह ड्रामा किया था। पहले भी बनाए हैं ऐसे वीडियो: युवक ने यह भी स्वीकार किया कि उसने पहले भी एक ऐसा ही वीडियो बनाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया था ताकि उसे ज्यादा से ज्यादा व्यूज मिल सकें। मेडिकल जांच की तैयारी: एसीपी एस.एस. गिल ने बताया कि युवक के दावों की सच्चाई परखने के लिए उसका मेडिकल टेस्ट कराया जा रहा है। अगर रिपोर्ट में नशा करने की बात साबित होती है, तो उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी। पुलिस ने जारी किया वीडियो: पंजाब पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस युवक का बयान पोस्ट किया, जिससे यह साफ संदेश दिया गया कि केंद्रीय मंत्री द्वारा शेयर किया गया वीडियो असल में एक प्रैंक था। रवनीत सिंह बिट्टू ने अपनी पोस्ट में कही थी ये अहम बातें भगवंत मान पर सीधा हमला: रवनीत सिंह बिट्टू ने अपनी पोस्ट की हेडिंग में लिखा कि “भगवंत मान ने पंजाब उजाड़ दिया।” उन्होंने मुख्यमंत्री को सीधे तौर पर इस स्थिति का जिम्मेदार ठहराया। पंजाब के हालातों पर जताई चिंता: बिट्टू ने आरोप लगाया कि पंजाब की सड़कों पर युवा सरेआम नशे में धुत घूम रहे हैं और राज्य सरकार इस गंभीर समस्या पर लगाम लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। ‘रंगला पंजाब’ के दावों की खोली पोल: उन्होंने आप सरकार के ‘रंगला पंजाब’ और बदलाव के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है।
Source link
रवनीत बिट्टू के ड्रग्स वीडियो पर विवाद, युवक निकला रीलबाज:पूर्व केंद्रीय मंत्री के दावे को पुलिस ने नकारा, पकड़ा गया युवक बोला- फेमस होने के बनाया वीडियो
