![]()
रोहतक जिले में सांपला के गांव ईस्माइला में कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के शहीद इंस्पेक्टर जगमहेंद्र कौशिक की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने शहीद को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि जगमहेंद्र कौशिक ने करीब 4 दशक तक बीएसएफ में रहकर देश की सेवा की। उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को साहस, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करेगी। प्रतिमा अनावरण के दौरान बीएसएफ की 48वीं वाहिनी के कमांडेंट सुरेश कुमार, डिप्टी कमांडेंट रामबीर सांगवान, आरक्षक हरिओम जांगड़ा सहित बीएसएफ के अधिकारी-जवान, शहीद के परिजन और ग्रामीण मौजूद थे। 7 नवंबर 1986 को बीएसएफ में हुए थे भर्ती डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि 3 जनवरी 1967 को जन्मे जगमहेंद्र कौशिक 7 नवंबर 1986 को बीएसएफ में भर्ती हुए थे। अपनी लंबी सेवा के दौरान उन्हें तीन बार ऑल इंडिया पुलिस मेडल से सम्मानित किया गया। उन्होंने बीएसएफ में कोच के तौर पर भी जिम्मेदारी संभाली और जवानों को ट्रेनिंग दी। जम्मू में कंपनी कमांडर के पद पर तैनाती के दौरान जगमहेंद्र कौशिक ने सर्च अभियान में 2 बार पाकिस्तान की ओर से बनाई गई सुरंगों का पता लगाया था। इस खास काम और बहादुरी के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया। 15 फरवरी 2024 को श्रीगंगानगर में ड्यूटी के दौरान उनका निधन हो गया। शहीद जगमहेंद्र कौशिक के जीवन से प्रेरणा लेने को कहा डॉ. अरविंद शर्मा ने गांव के युवाओं से शहीद जगमहेंद्र कौशिक के जीवन से प्रेरणा लेने को कहा। उन्होंने कहा कि शहीद की प्रतिमा के सामने श्रद्धा से सिर झुकाने के साथ उनके अनुशासन, मेहनत, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने यह भी कहा कि शहीद का बलिदान केवल उसके परिवार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वह पूरे समाज और देश की धरोहर बन जाता है। जगमहेंद्र कौशिक ने अपने जीवन की अंतिम घड़ी तक वर्दी और कर्तव्य का मान रखा। गांव ईस्माइला में स्थापित उनकी प्रतिमा उनकी वीरता और देशसेवा की याद को जीवंत रखेगी।
Source link
रोहतक में शहीद इंस्पेक्टर जगमहेंद्र कौशिक की प्रतिमा स्थापित:कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा ने किया अनावरण, बोले-युवाओं को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलेगी
