![]()
हरियाणा के हांसी के न्यू सुभाष नगर में सोमवार देर शाम एक बंद मकान में करीब 40 साल की महिला रचना का शव मिला। घटना का पता तब चला जब महिला की मां तीन दिन से फोन नहीं उठाने पर उसके घर पहुंची। देखा की कमरा बाहर से बंद था और अंदर से बदबू आ रही थी। किसी अनहोनी की आशंका होने पर मां और उसकी छोटी बहन ने ताला तोड़ा और कमरे में दाखिल हुईं। अंदर महिला पर रचना मृत पड़ी थी, जबकि उसी चारपाई पर उसकी 15 साल की बेटी अंजली बेसुध मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रचना के शव को कब्जे लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, जबकि उसकी बेटी अंजली को हांसी के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को शक है कि महिला के सिर पर किसी भारी चीज से वार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, रचना चार कुतुब गेट की रहने वाली थी। उसका एक बेटा भी है, जो लापता बताया जा रहा है। जानिए, मृतका की मां ने पुलिस को क्या बताया… होटलकर्मी के साथ रहती थी बेटी : रचना की मां ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी चांदी नाम के एक शख्स के साथ रहती थी। चांदी हांसी के एक होटल में काम करता है। मां का आरोप है कि चांदी रचना पर शादी के लिए दबाव बना रहा था, लेकिन रचना इसके लिए तैयार नहीं थी। शादी ना करना बनी वजह : परिजनों ने शक जताया है कि इसी विवाद के कारण रचना और उसकी बेटी पर हमला किया गया होगा। हालांकि, पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, रचना का सात साल का छोटा बेटा मानव भी लापता है। पुलिस टीम उसकी तलाश कर रही है और पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। पहले दिल्ली के व्यक्ति से शादी हुई थी : परिजनों के अनुसार रचना की शादी दिल्ली निवासी एक व्यक्ति से हुई थी, लेकिन दोनों के बीच बार-बार विवाद होने के कारण वह उससे अलग रह रही थी। हालांकि परिजन यह स्पष्ट नहीं कर पाए कि दोनों का कानूनी रूप से तलाक हुआ था या नहीं। जिस मकान में महिला का शव मिला है, उसमें कई कमरे बने हुए हैं और इनमें किरायेदार रहते हैं। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर सुबूत जुटाए परिजनों ने तुरंत अंजली को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को खबर दी। खबर मिलते ही शहर थाना प्रभारी सुखजीत सिंह और डीएसपी अक्षय कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी सबूत इकट्ठा किए। जिस कमरे में शव मिला, उसे पुलिस ने सील कर दिया है। डीएसपी बोले-24 घंटे पहले हत्या हुई मौके पर पहुंचे डीएसपी अक्षय कुमार ने बताया कि कमरे से दुर्गंध आ रही थी। प्रथम दृष्टया महिला की मौत को करीब 24 घंटे से अधिक समय बीतने का अनुमान है। महिला के सिर पर किसी भारी वस्तु से चोट के निशान होने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि अंजली को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
Source link
लिव-इन में रह रही महिला की हत्या, बेटी बेसुध मिली:हांसी में बंद मकान में मिली डेडबॉडी; 3 दिन से फोन नहीं उठाने पर पहुंचीं मां-बहन
