Headlines

लुधियाना में उड़ी ट्रैफिक नियमों की धज्जियां:पत्नी के जन्मदिन पर फ्लाईओवर पर की आतिशबाजी, पुलिस की चेतावनी के बाद भी चलाए 60 शॉट वाले पटाखे




लुधियाना में सोशल मीडिया पर रील और वीडियो बनाने के लिए ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और हुड़दंगबाजी का एक नया मामला सामने आया है। पत्नी का जन्मदिन मनाने के शौक में कुछ युवकों ने बीच सड़क पर ऐसा हंगामा किया जिससे न सिर्फ राहगीरों की जान जोखिम में पड़ी, बल्कि कानून व्यवस्था का भी खुलेआम मज़ाक उड़ाया गया। साउथ सिटी और फिरोजपुर रोड फ्लाईओवर पर सरेआम पटाखे फोड़े गए, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस की चेतावनी का भी नहीं दिखा खौफ यह पूरा मामला तब गरमा गया जब ‘गुरलाल सिंह’ नाम की आईडी से इस हुड़दंग का वीडियो पोस्ट किया गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक किस कदर ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि वीडियो में युवक खुद यह कुबूल करता हुआ नज़र आ रहा है कि पुलिस वालों ने उन्हें रोक कर वहां पटाखे चलाने से मना किया था। लेकिन खाकी का खौफ इन युवकों पर बिलकुल नहीं दिखा। पुलिस के जाने के बाद युवक बेशर्मी से यह कहता सुनाई देता है कि,आगे जाकर चला लेते हैं।
साउथ सिटी से शुरू हुआ हुड़दंग, फिरोजपुर फ्लाईओवर पर चलाए 60 शॉट जानकारी के अनुसार, युवक अपनी पत्नी का जन्मदिन मनाने के लिए यह सारा तमाशा कर रहा था। पहले इन लोगों ने साउथ सिटी रोड पर जमकर आतिशबाजी की। जब पुलिस ने वहां इन्हें रोका और हिदायत देकर छोड़ दिया, तो ये लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। इसके बाद युवकों का यह काफ़िला फिरोजपुर रोड फ्लाईओवर पर पहुंच गया और वहां जाकर उन्होंने 60 शॉट वाले पटाखे चलाए। चलती ट्रैफिक के बीच फ्लाईओवर पर इस तरह की आतिशबाजी से बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन जश्न के नशे में चूर इन लोगों को किसी की परवाह नहीं थी। पुलिस ने की सख्त कार्रवाई की तैयारी वीडियो वायरल होने के बाद लुधियाना पुलिस भी तुरंत हरकत में आ गई है। इस सरेआम गुंडागर्दी और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के मामले में पुलिस अधिकारी जतिन बंसल ने कड़ा संज्ञान लिया है।
जतिन बंसल ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा,इस तरह की अनुशासनहीनता और हुड़दंगबाजी शहर में कभी भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो लोग सोच रहे हैं कि वह बीच सड़क पर लोगों की जान खतरे में डालकर ऐसे तमाशे करेंगे और बच जाएंगे, तो वे गलतफहमी में हैं। इस मामले में सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि आगे से कोई भी ऐसी हरकत करने की हिम्मत न करे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *