![]()
लुधियाना के न्यू प्रेम नगर, इस्लामगंज स्थित देवील चौक में गणपति जी महाराज के पंडाल में एक व्यक्ति द्वारा हंगामा करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि व्यक्ति ने पंडाल में रखे पंखे और स्पीकर उठाकर नीचे फेंक दिए। इसके बाद उसने इलाके में कथित तौर पर जमकर गाली-गलौज भी की। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें व्यक्ति पंडाल में सामान गिराता नजर आ रहा है। शिव सेना पंजाब के यूथ नेता भानू प्रताप ने बताया कि गणपति जी महाराज के पंडाल में हुई इस घटना से धार्मिक आयोजन से जुड़े लोगों में रोष है। उन्होंने कहा कि ऐसी बेअदबी की हरकत को सहन नहीं किया जाएगा। उनके मुताबिक, सोमवार को इलाके के कुछ लोगों ने घटना से संबंधित वीडियो साझा किया, जिसके बाद मामला सामने आया। लोगों ने नीतिन कुमार पर लगाए आरोप इलाके के कुछ लोगों ने वीडियो में नजर आ रहे व्यक्ति की पहचान नीतिन कुमार के रूप में बताई है। भानू ने कहा कि लोगों ने उसे बताया है कि यह व्यक्ति पहले भी मोहल्ले में होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर विवाद करता रहा है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर पर पुष्टि होना अभी बाकी है। भानू प्रताप ने कहा कि मामले को लेकर थाना डिविजन नंबर-2 में शिकायत दर्ज करवाई जाएगी। पुलिस शिकायत मिलने के बाद वीडियो और पूरे मामले की जांच कर सकती है। वीडियो में पंडाल का सामान फेंकता दिख रहा व्यक्ति सामने आए वीडियो में एक व्यक्ति गणपति पंडाल के अंदर हंगामा करता और वहां रखे पंखे व स्पीकर को नीचे गिराता दिखाई दे रहा है। इस मामले संबंधी जब आरोपी से बात करनी चाही तो उसने फोन नहीं उठाया। इस मामले में थाना डिविजन नंबर 2 की पुलिस का कहना है कि अभी शिकायत नहीं मिली। फिर भी वह अपने स्तर पर मामले की जांच करवा रहे है।
Source link
लुधियाना में गणपति पंडाल में हंगामा:पंखे और स्पीकर फेंके; शिव सेना नेता बोला-बेअदबी की करवाएंगे FIR दर्ज
