Headlines

लुधियाना में पार्किंग विवाद में महिला की सरेआम इज्जत उछाली:घर के बाहर गाड़ी साइड करने को कहा तो पीटा,कपड़े फाड़े; 11 दिन बाद 11 पर मामला दर्ज




लुधियाना के डाबा इलाके में पार्किंग को लेकर सरेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। घर के बाहर खड़ी कार को साइड करने पर भड़के हुड़दंगियों ने घर में घुसकर एक महिला के साथ बुरी तरह मारपीट की और सरेआम उसके कपड़े (टी-शर्ट) फाड़ दिए। बचाव करने आए महिला के पति को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उसे भी पीटा। हैरान करने वाली बात यह है कि यह वारदात 31 जुलाई की है, लेकिन पुलिस ने 11 दिन तक मामले को लटकाए रखा और अब जाकर 11 अगस्त को 11 नामजद समेत 4-5 अज्ञात लोगों पर FIR दर्ज की है। इस मामले में पीड़ित परिवार ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि महिला के कपड़े फाड़े गए और घर में घुसकर बदसलूकी की गई, इसके बावजूद पुलिस ने आरोपियों को फायदा पहुंचाने के लिए जानबूझकर हल्की धाराएं लगाकर खानापूर्ति की है। पार्किंग के विवाद में घर में घुसकर की मारपीट थाना डाबा पुलिस को दी गई शिकायत में रूपेश भारती ने बताया कि 31 जुलाई को उनके मोहल्ले में एक फंक्शन चल रहा था। रात के समय उन्होंने अपना स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (PB10JK-2698) और उनकी पत्नी जसप्रीत कौर ने अपनी एक्टिवा (PB10FH-1003) घर के साथ वाले खाली प्लॉट में खड़ी की थी। इसी दौरान उनके घर के गेट के आगे एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार (PB10KB-8732) आकर रुकी, जिसमें 4-5 लड़के सवार थे। जब पत्नी जसप्रीत ने उन लड़कों को अपनी गाड़ी साइड करने को कहा ताकि वे अपनी एक्टिवा अंदर कर सकें, तो कार सवार पंकज कुमार और उसके साथियों ने गालियां देनी शुरू कर दीं। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी जबरन उनके घर में घुस गए और जसप्रीत के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर जब रूपेश बाहर आए, तो उन्होंने देखा कि फंक्शन में मौजूद कुछ अन्य लड़के और औरतें भी वहां आ गए थे। इसी दौरान आरोपियों ने जसप्रीत की टी-शर्ट फाड़ दी और विरोध करने पर रूपेश को भी पीटा और जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए। इन 11 आरोपियों पर दर्ज हुआ मामला पुलिस ने 11 दिन की देरी के बाद मामले में BNS की धारा 115(2), 126(2), 351(2), 190, और 191(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने रूपेश के बयानों के आधार पर जिन 11 आरोपियों को नामजद किया है जिनके नाम पंकज कुमार,बब्बू,विक्की,गौरू,पवन,करन,बब्बू की माता सुमन,निशा,राजू,सुमन (टोपी वाली),प्रदीप इनके अलावा 4-5 अज्ञात लोगों पर भी केस दर्ज हुआ है पीड़ित परिवार अब इंसाफ की गुहार लगा रहा है और सवाल उठा रहा है कि सरेआम एक महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने वालों पर सख्त धाराओं में कार्रवाई क्यों नहीं की गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *