Headlines

लुधियाना में बाइक चोरी के शक में दो युवक पकड़े:पीड़ित ने CCTV फुटेज व कपड़ों से की पहचान, खुद पकड़कर पुलिस के हवाले किया




लुधियाना के ताजपुर रोड पर शनिवार सुबह उस समय हंगामा हो गया जब स्थानीय लोगों ने मोटरसाइकिल चोरी के शक में दो युवकों को रंगे हाथों पकड़ लिया। पीड़ित ने खुद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों के हुलिए और कपड़ों की पहचान कर उन्हें ताजपुर रोड पुल के नीचे से दबोचा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पीसीआर टीम ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर थाना टिब्बा पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, टिब्बा रोड निवासी बिट्टू शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को उनकी स्पलेंडर मोटरसाइकिल उनके घर के बाहर से चोरी हो गई थी। जब उन्होंने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें दो संदिग्ध युवक बाइक चुराते हुए साफ दिखाई दिए। इसके बाद बिट्टू शर्मा ने फुटेज से संदिग्धों की तस्वीरें निकालकर खुद ही उनकी तलाश शुरू कर दी। कपड़ों की पहचान कर ताजपुर रोड पुल के पास दबोचा पीड़ित बिट्टू शर्मा के मुताबिक, शनिवार सुबह जब वह ताजपुर रोड स्थित पुल के नीचे पहुंचे, तो वहां सीसीटीवी फुटेज में दिखे कपड़ों और हुलिए से मेल खाते दो युवक खड़े नजर आए। उन्होंने तुरंत पहचान की और आसपास के लोगों की मदद से दोनों को मौके पर ही धर दबोचा। पीड़ित ने आरोप लगाया कि ये युवक अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद थाना टिब्बा में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस की ढिलाई को देखते हुए उन्हें खुद ही चोरों की तलाश में जुटना पड़ा। पुलिस ने हिरासत में लेकर जांच की शुरू घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर दस्ता घटनास्थल पर पहुंचा। पीसीआर के एएसआई सुमन कुमार ने बताया कि दोनों संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर थाना टिब्बा पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *