लोहारू के टीचर लीलाराम को मिलेगा राज्य शिक्षक पुरस्कार:26 सालों से कर रहे उत्कृष्ट शैक्षणिक और सामाजिक कार्य, 17 बार हो चुके सम्मानित




भिवानी जिले के लोहारू क्षेत्र स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला ढाणी गंगा बिशन के प्राथमिक शिक्षक लीलाराम वर्मा को राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। हरियाणा सरकार के शिक्षा विभाग ने शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उनके 26 वर्षों के उत्कृष्ट कार्यों के लिए यह घोषणा की है। यह सम्मान आगामी शिक्षक दिवस, 5 सितंबर को पंचकूला के शिक्षा सदन में प्रदान किया जाएगा। यह राज्य स्तर का सर्वोच्च प्रतिष्ठित पुरस्कार हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा द्वारा दिया जाएगा। लीलाराम वर्मा को उनके समावेशी, आसान, गतिविधि-आधारित और छात्र-केंद्रित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के प्रयासों के लिए जाना जाता है। शैक्षणिक और सामाजिक सुधार में बनाई पहचान शिक्षक लीलाराम वर्मा पिछले कई वर्षों से शैक्षणिक और सामाजिक सुधार के क्षेत्र में अपने विद्यालय, क्षेत्र और स्वयं की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके हैं। उन्होंने अपने विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने और विभिन्न सामाजिक विषयों पर जन जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी शिक्षा विभाग में पहली नियुक्ति 9 अक्टूबर 2000 को राजकीय प्राथमिक पाठशाला सोहानसरा में जेबीटी के पद पर हुई थी। वर्तमान में वे राजकीय प्राथमिक पाठशाला ढाणी गंगा बिशन में प्राथमिक शिक्षक के पद पर 2016 से कार्यरत हैं। समाजसेवियों ने टीचर को दी बधाई लीलाराम वर्मा को राज्य पुरस्कार मिलने की घोषणा के बाद गांव ढाणी गंगा बिशन और समस्त क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उन्हें निदेशक एससीईआरटी हरियाणा सुनील बजाज, एसडीएम मनोज दलाल, जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया, खंड शिक्षा अधिकारी विजय प्रभा सहित अनेक शिक्षकों, शिक्षाविदों, गणमान्य लोगों और समाजसेवियों से बधाई संदेश मिल रहे हैं। अपने सराहनीय प्रयासों के लिए वे अब तक जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कुल 17 से अधिक बार सम्मानित हो चुके हैं। इनमें विद्यार्थियों को समावेशी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने तथा सामाजिक विषयों पर जागरूकता फैलाने के उनके कार्य शामिल हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *