![]()
चिरमिरी| नगर पालिक निगम के वार्ड 34 के खेल मैदान को मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित करने के प्रस्ताव में अब अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) को लेकर विवाद सामने आया है। वार्ड पार्षद राहुल भाई पटेल ने नगर निगम की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मांग की है कि विकास कार्यों के लिए सभी वार्डों में एक जैसे नियम लागू किए जाएं। राहुल के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के चिरमिरी दौरे के दौरान उन्होंने वार्ड 34 के खेल मैदान के विकास के लिए मांग पत्र सौंपा था। बाद में मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से संबंधित विभाग को पत्र भेजने की जानकारी मिली। इसके बाद नगर निगम स्तर पर चिरमिरी क्षेत्र के मुख्य महाप्रबंधक से एनओसी मांगने के लिए पत्र जारी करने की बात सामने आई है। राहुल ने कहा एनओसी की प्रक्रिया से परियोजना में देरी हो सकती है। उन्होंने दावा किया कि लोग एसईसीएल से जुड़ी एनओसी प्रक्रिया और व्यावहारिक अड़चनों से परिचित हैं। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से स्पष्ट नीति तय करने की मांग की, जिसमें यह बताएं कि किन विकास कार्यों में एनओसी अनिवार्य होगी और उसकी समयबद्ध प्रक्रिया क्या होगी। उन्होंने महापौर से कहा यदि वार्ड 34 के लिए एनओसी जरूरी है, तो निगम क्षेत्र के सभी वार्डों के विकास व निर्माण प्रस्तावों पर भी वही नियम लागू किया जाए।
Source link
वार्ड 34 मैदान मिनी स्टेडियम प्रस्ताव में एनओसी पर विवाद
