Headlines

विधायक बोले- 2-3 दिन में होंगे मूंदी रोड के टेंडर:अफसरों ने कहा- नहीं पता, इंतजार कर रहे; सीएम ने 15 सितंबर की तारीख दी थी




खस्ताहाल हो चुके खंडवा-मूंदी रोड़ के टेंडर को लेकर हर कोई इंतजार कर रहा है। 32 किलोमीटर लंबे इस हाईवे पर रोजाना हादसे हो रहे हैं, लोग जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे हैं। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुद इस रोड के टेंडर 15 सितंबर से पहले जारी होने की घोषणा कर चुके हैं। इसी बीच अब मांधाता और खंडवा विधायक ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि दो-तीन दिन में मूंदी रोड के टेंडर जारी हो जाएंगे। उनकी फोन पर पीडब्ल्यूडी मंत्री से बात हो चुकी है। बता दें कि खंडवा-मूंदी रोड की स्वीकृति 3 साल पहले हो चुकी थी। लेकिन इसके टेंडर और अन्य प्रक्रिया फाइलों में दबी रह गई। पहले रोड़ निर्माण के लिए 153 करोड़ रूपए का बजट विश्व बैंक परियोजना फंड से स्वीकृत हुआ था। परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने प्रारंभिक सर्वे के बाद बजट स्वीकृत कर दिया लेकिन बाद में पैसा देने से इनकार कर दिया। इसके बाद करणी सेना और क्षेत्र के लोगों के विरोध प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन ने शासन को अवगत कराया। तब जाकर शासन ने अपने स्तर पर कवायद शुरू की और अपने बजट से अब 180 करोड़ रूपए की राशि सड़क निर्माण के लिए स्वीकृत कर दी है। सीएम की घोषणा के बाद लोग इंतजार कर रहे
दरअसल, खस्ताहाल सड़क को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष उत्तमपालसिंह पुरनी ने मोर्चा खोल दिया था। उन्होंने उचित कार्रवाई ना होने पर सितंबर महीने में ही पैदल यात्रा निकालने की चेतावनी दी थी। इसके बाद मांधाता विधायक नारायण पटेल और खंडवा विधायक कंचन तनवे भोपाल गए और मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने जल्द टेंडर प्रक्रिया कराने को कहा। बाद में मुख्यमंत्री गुरू पूर्णिमा के अवसर पर खंडवा आए तो उन्होंने सरकारी मंच से घोषणा की कि 15 सितंबर से पहले तक टेंडर जारी कर दिए जाएंगे। तब से लोग टेंडर लगने का इंतजार कर रहे है। अफसर बोले- हम भी इंतजार कर रहे
टेंडर जारी होने को लेकर एक तरफ दोनों विधायक दावा कर रहे है कि दो-तीन दिन में टेंडर हो जाएंगे। उनकी पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेशसिंह से फोन पर बात हुई है। वहीं निर्माण एजेंसी एमपीआरडीसी के अफसरों ने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है। क्षेत्रीय अधिकारी राहुल चौहान ने बताया कि टेंडर होना का सुनने में आया है, लेकिन अभी कुछ कह नहीं सकते। अब तो 15 सितंबर तक ही पता चलेगा कि टेंडर हो रहे हैं या नहीं। हम लोग भी इंतजार में हैं। इधर, खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कहा कि यह मामला भोपाल स्तर का है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *