Headlines

शिमला-मनाली NH-205 पर दर्दनाक हादसा:कार पर गिरी विशाल चट्टान, छोटा शिमला के बुजुर्ग की मौत, पत्नी-बेटा गंभीर रूप से घायल




शिमला-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग-205 (NH-205) पर मंगलवार को भराड़ीघाट-दसेरन के समीप भूस्खलन के कारण एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा हो गया। बारिश के दौरान पहाड़ी से दरककर आई एक विशाल चट्टान वहां से गुजर रही वैगनआर कार पर जा गिरी। इस हादसे में कार सवार एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, छोटा शिमला के रहने वाले 63 वर्षीय अनिल बख्शी अपनी पत्नी बृजेश्वरी बक्शी और बेटे कर्ण बक्शी के साथ वैगनआर कार (HP-52A-7197) में सवार होकर जा रहे थे। जब वे भराड़ीघाट-दसेरन के पास पहुंचे, तो अचानक पहाड़ी से एक भारी-भरकम चट्टान सीधा उनकी कार पर आ गिरी। चट्टान गिरने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अनिल बख्शी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए उनकी पत्नी और बेटे को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत अर्की अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। हाईवे पर लगा लंबा जाम, दाड़ला पुलिस ने संभाला मोर्चा इस भयानक हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-205 पर दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह थम गई और देखते ही देखते वाहनों का लंबा जाम लग गया। घटना की सूचना मिलते ही दाड़ला पुलिस स्टेशन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हाईवे की एक लेन को यातायात के लिए बहाल कर दिया है, ताकि फंसे हुए वाहनों को निकाला जा सके। वहीं, सड़क के बीचो-बीच गिरी विशाल चट्टान और मलबे को हटाने के लिए भारी मशीनरी की मदद से दूसरी लेन को खोलने का काम भी युद्ध स्तर पर जारी है। डीएसपी दाड़लाघाट (DSP Darlaghat) नवीन झाल्टा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम मौके पर मुस्तैद है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच-पड़ताल की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *