संगरूर सेंट्रल जेल में रक्षाबंधन पर भावुक हुए भाई-बहन:गैंगस्टर समेत कैदियों को बहनों ने बांधी राखी, पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था रही




संगरूर सेंट्रल जेल में रक्षाबंधन का त्योहार हर्षोल्लास और भावुक माहौल के बीच मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कैदियों के परिवारजन, विशेष रूप से बहनें, अपने भाइयों से मिलने और उनकी कलाई पर राखी बांधने जेल पहुंचीं। पंजाब सरकार के निर्देश पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के दौरान हाई-सिक्योरिटी जेल में बंद गैंगस्टर और अन्य कैदियों को भी बहनों से मुलाकात का अवसर मिला। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और अच्छे भविष्य की कामना की। भाई-बहन के मिलन के दौरान कई भावुक पल भी देखने को मिले। परिवार से मिलने का यह अवसर कैदियों के लिए भी खास रहा। जेल सुपरिटेंडेंट बोले- सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे जेल सुपरिटेंडेंट रमनदीप सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन को लेकर जेल में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पंजाब सरकार के दिशानिर्देशों के तहत ऐसी व्यवस्था की गई, जिससे बहनें अपने भाइयों के सामने बैठकर आसानी से राखी बांध सकें। उन्होंने कहा कि जेल में बंद कैदियों के लिए परिवार से भावनात्मक जुड़ाव बनाए रखना महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजनों से उन्हें अपने परिजनों के करीब आने और रिश्तों को मजबूत करने का अवसर मिलता है। सामान्य दिनों में जेल नियमों के कारण मुलाकात सीमित रहती है, इसलिए रक्षाबंधन पर की गई विशेष व्यवस्था कैदियों और उनके परिवारों के लिए महत्वपूर्ण रही।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *