![]()
समस्तीपुर में ऑटोमेटिक फिटनेस सेंटर पर वाहनों की फिटनेस जांच के नाम पर अवैध वसूली किए जाने के आरोप को लेकर वाहन मालिक ने हंगामा किया। जिला मोटर कारोबारी संघ के बैनर तले वाहन मालिकों ने शुक्रवार को शहर में प्रतिरोध मार्च निकाला। संघ कार्यालय से निकला जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा। इसका नेतृत्व संघ के जिलाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने किया। बाद में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से मिलकर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। फिटनेस के निर्धारित शुल्क से कही ज्यादा वसूल रहे सेंटर संघ के जिलाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि ऑटोमेटिक फिटनेस सेंटर पर फिटनेस कराने पहुंचने वाले वाहनों से निर्धारित सरकारी शुल्क के अतिरिक्त कई गुना अधिक राशि की अवैध वसूली की जाती है। अवैध राशि नहीं देने वाले वाहनों को फिटनेस में फेल कर परेशान किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी संघ की ओर से डीएम और डीटीओ को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन अब तक फिटनेस सेंटर की कथित अवैध वसूली पर रोक नहीं लगी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फिटनेस के नाम पर राशि यूपीआई के माध्यम से मंगाई जा रही है। संजय कुमार सिंह ने कहा कि यदि जिला प्रशासन ने अविलंब फिटनेस सेंटर की कथित अवैध वसूली पर रोक नहीं लगाई तो जिला मोटर व्यवसायी संघ आंदोलन करने को विवश होगा। संघ के महासचिव बोले- विधानसभा चुनाव में ड्यूटी के अब तक पैसे नहीं मिले वहीं, संघ के महासचिव संजीव कुमार सुमन ने कहा कि वर्ष 2025 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव कार्य में लगाए गए वाहनों का अब तक मुआवजा भुगतान नहीं किया गया है। इससे वाहन मालिकों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिला पदाधिकारी की ओर से कई बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद वाहन मालिकों के बकाया मुआवजे का भुगतान नहीं होना चिंता का विषय है। भुगतान नहीं होने के कारण कई वाहन मालिक ऋण की किस्त नहीं चुका पा रहे हैं और मजबूरन अपने वाहन खड़े कर दिए हैं। प्रतिरोध मार्च में संघ के उपाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, राजबाला राय, कुंदन चौधरी, उमेश राय, संतोष शाह, मुन्ना सिंह, अमितेश कुमार, सुनील राय, विश्वजीत कुमार, रामकृष्ण, विपिन कुमार, मोहम्मद शकूर, मिथिलेश राय, लालू राय, बलराम महतो, रिंकू सिंह, विकास कुमार, सत्यम शिवम, राजेश राय सहित अन्य वाहन मालिक शामिल हुए।
Source link
समस्तीपुर- गाड़ियों के फिटनेस के नाम पर वसूली का आरोप:मालिकों ने डीटीओ, डीएम से मिलकर की शिकायत, बोले- विधानसभा चुनाव में ड्यूटी का पैसा बकाया
