Headlines

साइबर फ्रॉड पूछताछ पर भड़के व्यापारी, करवर बंद:12 घंटे थाने में बैठाने का आरोप, पुलिस ने कहा- नियमित पूछताछ थी




बूंदी के करवर में साइबर फ्रॉड से जुड़े संदिग्ध लेनदेन की जांच के दौरान दो व्यापारियों को 10 से 12 घंटे तक थाने में बैठाकर पूछताछ किए जाने के विरोध में बुधवार को पूरा बाजार बंद रहा। संयुक्त व्यापार समिति के नेतृत्व में व्यापारियों ने धरना-प्रदर्शन कर थानाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों का आरोप है कि निर्दोष दुकानदारों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया गया, जबकि पुलिस का कहना है कि यह नियमित पूछताछ थी। पूछताछ के बाद व्यापारियों में नाराजगी संयुक्त व्यापार समिति के सचिव मुकेश जिंदल ने बताया कि मामला 21 जुलाई का है। साइबर फ्रॉड से जुड़े एक संदिग्ध लेनदेन की जांच के सिलसिले में करवर थाना पुलिस ने दो स्थानीय दुकानदारों को पूछताछ के लिए बुलाया और करीब 10 से 12 घंटे तक थाने में बैठाए रखा। व्यापारियों का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया गया, जिससे पूरे व्यापारी वर्ग में रोष फैल गया। वहीं पुलिस का कहना है कि यह जांच प्रक्रिया का सामान्य हिस्सा था। ‘क्यूआर पेमेंट में व्यापारी का क्या दोष?’ मुकेश जिंदल ने कहा कि डिजिटल इंडिया के दौर में अधिकांश लेनदेन क्यूआर कोड और ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से होते हैं। यदि कोई अनजान ग्राहक भुगतान करता है और बाद में वही राशि साइबर फ्रॉड से जुड़ी पाई जाती है, तो इसमें व्यापारी की कोई भूमिका नहीं होती। उनका कहना है कि ऐसे मामलों में व्यापारियों को घंटों थाने में बैठाकर पूछताछ करना उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा और कारोबार दोनों को प्रभावित करता है। पुलिस पर दोहरे मापदंड का आरोप व्यापारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस निर्दोष व्यापारियों के खिलाफ सख्ती दिखा रही है, जबकि क्षेत्र में अवैध बजरी परिवहन, अवैध खनन, सट्टा और गांजे जैसे अवैध कारोबार खुलेआम संचालित हो रहे हैं। उनका कहना है कि इन गतिविधियों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े होते हैं। पूरा बाजार बंद, सड़क पर उतरे व्यापारी बुधवार को करवर का बाजार पूरी तरह बंद रहा। संयुक्त व्यापार समिति के नेतृत्व में व्यापारियों ने धरना-प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में समिति अध्यक्ष श्योजी लाल गुर्जर, सचिव मुकेश जिंदल, माणकचंद जैन, मदन नागर, दिनेश जिंदल, हेमराज नागर, आशीष मित्तल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए। आंदोलन तेज करने की चेतावनी प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में दोषी अधिकारियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। व्यापारियों ने निष्पक्ष जांच के साथ भविष्य में निर्दोष व्यापारियों के साथ इस तरह की कार्रवाई नहीं करने की भी मांग उठाई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *