Headlines

सीएम से मिले 'हनुमान अंश' के गायक सुनील लोधी:सीएम ने एक लाख की सम्मान निधि दी, अब आंखों की रोशनी लौटाने इलाज भी कराएगी सरकार




कैंची धाम के संत नीम करोली बाबा के जीवन पर बनाई गई फिल्म ‘हनुमान अंश’ के बुंदेली गीत से लोकप्रिय हुए सागर के युवा गायक सुनील लोधी गुरुवार देर शाम सीएम हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने सीएम डॉ. मोहन यादव से अपने परिवार के साथ मुलाकात की। देश भर में अपने गीत और भजन से वायरल हुए सागर जिले के रहने वाले गायक सुनील लोधी को मप्र सरकार प्रोत्साहित करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को समत्व भवन में सुनील लोधी से मुलाकात कर उनकी प्रतिभा की सराहना की और सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। सीएम ने एक लाख की सम्मान निधि दी जन्म से दृष्टिबाधित सुनील को सरकार की ओर से एक लाख रुपए की सम्मान निधि भी दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के श्रेष्ठ और उभरते कलाकारों को आगे बढ़ने के लिए अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। कलाकारों की प्रतिभा को मंच देने और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। संगीत की पढ़ाई के लिए भी मिलेगी मदद मुख्यमंत्री ने कहा कि सुनील लोधी की बचपन से ही गायन में रुचि रही है। इसलिए उन्हें संगीत विद्यालय से औपचारिक संगीत पाठ्यक्रम पूरा करने के लिए भी सहयोग दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए टैलेंट सर्च जैसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात भी कही। आंखों की रोशनी के उपचार में मदद का भरोसा मुख्यमंत्री ने सुनील लोधी की आंखों की रोशनी वापस लाने के लिए आवश्यक सहयोग देने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने सुनील के साथ आए उनके माता-पिता का भी सम्मान किया। मुख्यमंत्री को सुनाया ‘हनुमान’ का गीत मुलाकात के दौरान सुनील लोधी ने तंबूरा बजाते हुए फिल्म ‘हनुमान अंश’ का लोकप्रिय बुंदेली गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई’ सुनाया। मुख्यमंत्री के आग्रह पर उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर गाया जाने वाला भजन ‘जन्म लए रघुराई, ब्रज में बज रही बधाई’ भी प्रस्तुत किया। इस अवसर पर सुनील लोधी के पिता महेंद्र सिंह लोधी, माता भाग बाई, संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी, डिजिटल बुंदेली बौछार के सचिन चौधरी और सुनील के मित्र उपस्थित रहे। नीम करोली बाबा के जीवन पर बनी है फिल्म ‘हनुमान अंश’ नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित भक्तिपरक फिल्म है। फिल्म में शोहिनव सत्य ने नीम करोली बाबा की भूमिका निभाई है और इसका लेखन-निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म 7 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। खास बात यह है कि फिल्म में सुनील की बुंदेली आवाज ने भी अलग पहचान बनाई है। फिल्म के गीत के जरिए बुंदेली लोकधुन और स्थानीय भाषा बड़े पर्दे तक पहुंची है। फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला और रिलीज के बाद इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *