Headlines

सीतापुर में उमस के बाद देर रात हुई तेज बारिश:मौसम ने बदली करवट, गर्मी से मिली राहत; निचले इलाकों में हुआ जलभराव




सीतापुर में शनिवार को दिनभर उमस और गर्मी से परेशान लोगों को देर रात हुई झमाझम बारिश से राहत मिली। करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट महसूस की गई। बारिश के चलते शहर के कई निचले इलाकों और सड़कों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। शनिवार सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही, लेकिन दिनभर उमस का असर कम नहीं हुआ। तेज धूप और चिपचिपी गर्मी के कारण लोग परेशान रहे। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को जिले में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में बारिश की उम्मीद लगाए लोगों को देर रात मौसम ने राहत दी।
रात करीब बारिश शुरू होते ही कुछ ही देर में तेज बौछारें पड़ने लगीं। करीब एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश से शहर की सड़कें पानी से लबालब हो गईं। निचले इलाकों में जलभराव होने से लोगों को परेशानी हुई। कई स्थानों पर सड़क किनारे पानी जमा हो गया। वहीं, देर रात अपने काम से घर लौट रहे लोग बारिश में भीगते हुए नजर आए। बारिश से बचने के लिए लोगों ने दुकानों, शेड और अन्य स्थानों का सहारा लिया। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि जलभराव के कारण स्थानीय लोगों को कुछ समय तक परेशानी उठानी पड़ी। मौसम के अचानक बदले मिजाज से आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना को लेकर लोगों की नजरें आसमान पर टिकी हैं। किसानों के लिए भी बारिश राहत लेकर आई है, जबकि लगातार बारिश होने पर निचले इलाकों में जलभराव की समस्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *