![]()
सीवान के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के सारीपट्टी चंवर में बुधवार को पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला के हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम के साथ गश्ती दल मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों की मदद और पुलिस की समझाइश के बाद करीब तीन घंटे की मशक्कत से महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। समय रहते महिला को नीचे उतार लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। महिला की पहचान सहसरांव निवासी स्व. बिगन मांझी की 25 वर्षीय पुत्री मूरत देवी के रूप में हुई है। उसकी शादी वर्ष 2019 में गोपालगंज जिले के सिरसा निवासी दीपक मांझी से हुई थी। पति महाराष्ट्र में राजमिस्त्री का काम करता है।महिला के दो बच्चे भी हैं। घटना से जुड़ी 2 तस्वीरें… रिश्तेदार के यहां भगवानपुर हाट आई थी
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बुधवार को महिला किसी रिश्तेदार के यहां भगवानपुर हाट आई थी। इसी दौरान पारिवारिक विवाद के बाद वह टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर पर चढ़ा देख आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने उसे समझाने और नीचे उतरने के लिए काफी प्रयास किया, लेकिन वह तत्काल नीचे आने को तैयार नहीं थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए महिला को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने उसके पति को भी मौके पर बुलाया। काफी देर तक बातचीत और समझाने-बुझाने के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्थिति बेहद संवेदनशील थी और पुलिस की तत्परता से समय रहते किसी अप्रिय घटना को टाल दिया गया। पति बोला- दूसरे के साथ रहने की जिद करती है
पति दीपक मांझी ने पुलिस को बताया कि पत्नी कथित रूप से किसी अन्य व्यक्ति के साथ रहने की जिद करती है, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता है। उन्होंने बताया कि उनकी अनुपस्थिति में पत्नी पहले भी दो बार घर छोड़कर जा चुकी है। बुधवार को भी इसी पारिवारिक विवाद के बाद महिला ने यह कदम उठाया। महिला के नीचे उतरने के बाद पुलिस उसे उसके पति और दोनों बच्चों के साथ भगवानपुर हाट थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस बोली- परिवारिक विवाद में टावर पर चढ़ी
भगवानपुर हाट थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि पारिवारिक विवाद के कारण एक महिला बिजली के टावर पर चढ़ गई थी। डायल 112 के माध्यम से सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम के साथ गश्ती दल को भी मौके पर भेजा गया। पति को भी बुलाया गया और काफी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। महिला, उसके पति और बच्चों को थाने लाकर मामले की जानकारी ली जा रही है।
Source link
सीवान में हाईटेंशन टावर पर चढ़ी महिला:3 घंटे चला रेस्क्यू, पति बोला- दूसरे युवक के साथ रहने की जिद करती है
