Headlines

सुब्रतो कप के फाइनल में पहुंची गुमला की बेटियां, 27 को मिजोरम से मुकाबला




भास्कर न्यूज|गुमला 65वीं सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल कप के अंडर-17 बालिका वर्ग में संत पैट्रिक स्कूल, गुमला की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर के फाइनल में प्रवेश किया है। झारखंड का प्रतिनिधित्व कर रही टीम का फाइनल मुकाबला 27 अगस्त को नई दिल्ली में मिजोरम की टीम के साथ होगा। गुमला की टीम ने जिला स्तर से अपनी प्रतियोगिता यात्रा शुरू करते हुए दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त किया। टीम के खिलाड़ियों को गुमला स्थित इनडोर स्टेडियम के आवासीय बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र में नियमित प्रशिक्षण भी दिया जाता है। नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लीग चरण में टीम ने त्रिपुरा, राजस्थान, दिल्ली तथा आर्मी पब्लिक स्कूल की टीमों को पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। क्वार्टर फाइनल में बिहार को 5-1 से हराकर टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में सीआईएससी के विरुद्ध निर्धारित समय में मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद अतिरिक्त समय में ऊषा कुमारी एवं साबरनी कुमारी के गोल की बदौलत झारखंड ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।नटीम की कप्तान बीना कुमारी के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने अब तक सभी मुकाबलों में बेहतर समन्वय एवं खेल कौशल का प्रदर्शन किया है। गोलकीपर खुशबू कुमारी एवं अर्चना डुंगडुंग ने गोलपोस्ट की जिम्मेदारी संभाली, जबकि साबरनी कुमारी, मनीषा डुंगडुंग एवं ऊषा कुमारी ने आक्रमण पंक्ति में प्रभावी प्रदर्शन किया। गौरी सिंह, सीमा उरांव, स्वीटी मिंज एवं कृति उरांव ने भी टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। फाइनल मुकाबले को लेकर टीम द्वारा नियमित अभ्यास एवं तैयारी की जा रही है। कोच एवं प्रशिक्षक बीना केरकेट्टा के नेतृत्व में खिलाड़ियों की फिटनेस, तकनीकी तैयारी एवं मैच रणनीति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। टीम के साथ फिजियोथैरेपिस्ट आयुषी एवं प्रबंधक बिंदु कुजूर भी मौजूद हैं। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन सोरेंग द्वारा भी टीम से लगातार संपर्क रखते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया जा रहा है। इस मौके पर उपायुक्त गुमला द्वारा जिला प्रशासन की ओर से टीम को शुभकामनाएं दी गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *