![]()
पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के जंगल में मंगलवार को एक व्यक्ति जंगली सूअर के शिकार के लिए बम लगा रहा था। इसी दौरान हुए धमाके में वह बुरी तरह घायल हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि उसके एक हाथ की उंगलियां उड़ गईं। घायल का नाम शनिचर राम (55) है, जो रामगढ़ थाना क्षेत्र के काचन गुरियाही टोला का रहने वाला है। उसका इलाज मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में चल रहा है। घटना के बाद शनिचर राम ने पुलिस को बताया था कि वह जंगल में खुखड़ी (एक तरह की मशरूम) चुनने गया था। उसने एक गड्ढे में हाथ डालकर खुखड़ी उखाड़ने की कोशिश की, तभी अचानक बम फट गया और उसका हाथ जख्मी हो गया। घायल हालत में वह किसी तरह घर पहुंचा और फिर इलाज के लिए रामगढ़ के डॉक्टर के पास गया। वहां फर्स्ट एड के बाद उसे आगे के इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया। हालांकि, पुलिस की पूछताछ में मामले ने नया मोड़ ले लिया। एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि यह हादसा जंगली सूअर के शिकार के लिए बम लगाने के दौरान हुआ था। शनिचर राम ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और खुखड़ी चुनने के दौरान बम फटने की झूठी कहानी बताई। जांच और पूछताछ के दौरान पता चला कि वह जंगल में जंगली सूअर का शिकार करने गया था। सूअर को पकड़ने के लिए वह विस्फोटक या पटाखा लगा रहा था, जो उसके हाथ में ही फट गया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि विस्फोटक कहां से लाया गया था और जंगली सूअर के शिकार में कोई और भी शामिल है या नहीं।
Source link
सूअर के शिकार के लिए बम लगाते समय उड़ा हाथ:पलामू में घायल ने पुलिस को खुखड़ी चुनने की झूठी कहानी सुनाई, जांच जारी
