![]()
गुरुग्राम में सोहना-दोहला रोड स्थित एमवीएन सोसाइटी में गुरुवार को एक महिला ने टावर नंबर-8 की तीसरी मंजिल से कूदकर जान दे दी। इस घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतका की पहचान दीपा पत्नी जतिन उर्फ जितेंद्र के रूप में हुई है। दीपा अपने पति और आठ साल के बच्चे के साथ सोसाइटी की तीसरी मंजिल पर रहती थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोहना नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। मृतका के पिता के बयान के आधार पर पुलिस ने उसके पति जतिन उर्फ जितेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपी सोसाइटी का पूर्व जॉइंट सेक्रेटरी बताया जाता है। परिजनों ने पति पर लगाए प्रताड़ित करने के आरोप मृतका के परिजनों ने उसके पति पर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि जतिन शराब पीकर उनकी बेटी दीपा के साथ मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। परिजनों के मुताबिक, पति की प्रताड़ना के कारण दीपा काफी समय से परेशान और मानसिक तनाव में थी। परिजनों का आरोप है कि इसी परेशानी से तंग आकर दीपा ने तीसरी मंजिल से कूदकर जान दे दी। हालांकि, महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी सही वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगी। पुलिस कर रही मामले की जांच इस घटना के बाद अब उसके आठ साल के बच्चे को लेकर सवाल उठ रहे हैं, जिसने अचानक अपनी मां को खो दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं, सोसाइटी में भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की बातें होती रहीं। जांच अधिकारी हरिओम ने बताया कि पुलिस ने शव को सोहना नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस के अनुसार, मृतका के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
सोहना में तीसरी मंजिल से कूदी महिला, मौत:पूर्व जॉइंट सेक्रेटरी की पत्नी; पति पर प्रताड़ना का आरोप, 8 साल के बच्चे की मां
