हिमाचल में आज भी भारी बारिश का अलर्ट:9 जिलों में भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा, नदी-नालों से दूर रहने की अपील




हिमाचल प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के शिमला केंद्र के अनुसार, आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कई स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। विभाग ने मंडी, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला, सोलन, सिरमौर, बिलासपुर, हमीरपुर और ऊना जिलों के कुछ इलाकों के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार रात भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण फ्लैश फ्लड, भूस्खलन, चट्टानें गिरने, पेड़ों के उखड़ने और निचले इलाकों में जलभराव जैसी घटनाएं हो सकती हैं। पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में सड़कें बाधित होने के साथ यातायात तथा बिजली और पेयजल सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं। नदी-नालों और खड्डों के आसपास जाने से बचें विभाग ने अपील की है कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और खड्डों के आसपास जाने से बचें। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा न करें और स्थानीय प्रशासन तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसानों और बागवानों को भी मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए कृषि एवं बागवानी कार्य करने की सलाह दी गई है। ऊना में सबसे अधिक तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा, हालांकि पिछले 24 घंटों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। IMD के अनुसार, प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है और कई क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। लोगों से सतर्क रहने, मौसम अपडेट पर नजर रखने और आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *