![]()
हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन दिनों से मौसम साफ रहने से तापमान में अचानक उछाल आ गया है। इससे राज्य के मैदानी इलाकों में एक बार फिर गर्मी लौट आई है। राज्य के 11 शहरों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार और ऊना का पारा 36.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। अधिकांश शहरों का अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है, जिससे दिन के समय गर्मी का असर साफ महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार- प्रदेश में आज और कल भी गर्मी व उमस से राहत मिलने की संभावना नहीं है। हालांकि, 17 जुलाई को दोपहर बाद नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से मौसम का मिजाज बदलेगा। इससे 18 से 20 जुलाई के दौरान राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के कुछ भागों के लिए तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी वर्षा के साथ भूस्खलन और अचानक जलस्तर बढ़ने जैसी घटनाएं भी हो सकती हैं। तीन दिन से मानसूनी बादल गायब प्रदेश में मानसून की एंट्री 30 जून को हुई। मानसून के प्रवेश के बाद शुरुआती 48 घंटों में सामान्य से करीब 200 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके बाद भी हल्की बारिश जारी रही, लेकिन तीन दिन से हिमाचल से मानसूनी बादल गायब हो गए। अब तक सामान्य से 21 फीसदी ज्यादा बारिश भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार 1 से 14 जुलाई के बीच हिमाचल में सामान्य से 21 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है। इस अवधि में बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति और मंडी में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई, जबकि अन्य जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा हुई। सबसे अधिक बारिश किन्नौर में रिकॉर्ड की गई, जहां सामान्य के मुकाबले 134 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज हुई है।
Source link
हिमाचल में तीन दिन की धूप से बढ़ी उमस:तापमान में उछाल, 11 शहरों का पारा 30॰C पार; 18 जुलाई से भारी बारिश
