![]()
हिमाचल प्रदेश के चंबा की मैहला और धिमला पंचायत में मनरेगा में कथित अनियमितताओं के मामले में जूनियर इंजीनियर (जेई) पर गाज गिरी है। बीडीओ मैहला ने जेई विजय कुमार को टर्मिनेट (सेवाएं समाप्त) कर दिया है। जेई पर मनरेगा के साथ साथ अन्य विकास योजनाओं में लगभग 67 लाख रुपए की गड़बड़ी के आरोप है। सूचना के अनुसार- जेई के खिलाफ कुछ माह पहले एक स्थानीय व्यक्ति ने शिकायत दी। इसके बाद एडीएम ने पांच सदसीय कमेटी गठित की। कमेटी ने जांच के दौरान जेई को भी नोटिस जारी किया। विजय कुमार का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद डीसी ने बीडीओ मैहला को निर्देश दिए कि जेई विजय कुमार को टर्मिनेट किया जाए। विजय कुमार पर आरोप है कि उसने मैहला पंचायत में लगभग 42 लाख रुपए और धिमला पंचायत में 25 लाख रुपए की गड़बड़ी की है। आरोप है कि धरातल पर बिना काम के ही पेमेंट का भुगतान शो किया गया है। जांच कमेटी की रिपोर्ट में यह बात सामने आई है। इस वजह से जेई विजय कुमार पर यह कार्रवाई की गई है। लेखापाल और जीआरएस को भी नोटिस जेई के बाद अब कनिष्ठ लेखापाल (मनरेगा) और ग्राम रोजगार सेवक (जीआरएस) पर भी गाज गिर सकती है। विभाग ने इन दोनों को भी कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। नोटिस में दोनों कर्मचारियों से ग्राम पंचायत मैहला और धिमला में बिना काम करवाए भुगतान किए जाने में कथित रूप से सहायक होने के आरोपों है। इनका जवाब भी यदि संतोषजनक नहीं पाया गया है, तो इनकी सेवाएं भी समाप्त की जा सकती हैं। आउटसोर्स पर तैनात था जेई जेई विजय कुमार आउटसोर्स पर तैनात था, जबकि कनिष्ठ लेखापाल और जीआरएस स्कीम बेस्ड कर्मचारी है। विभाग ने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए यह कार्रवाई की है। रमेश कुमार ने दी थी शिकायत सूचना के मुताबिक, चंबा के कुठवाड़ी गांव निवासी रमेश कुमार ने मनरेगा सहित अन्य विकास कार्यों में अनियमितताओं को लेकर शिकायत दी थी। इसी शिकायत के आधार पर जांच और अब यह कारवाई की गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर टर्मिनेशन: BDO खंड विकास अधिकारी (BDO) मैहला बशीर खान ने बताया कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर जेई की टर्मिनेशन की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित दो कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
Source link
हिमाचल में मनरेगा में हेराफेरी करने पर जेई 'टर्मिनेट':2 और कर्मचारी रडार पर; दोनों को नोटिस, 2 पंचायतों में 67 लाख की गड़बड़ी
