![]()
हिसार जिले के उकलाना में महान क्रांतिकारी एवं अमर शहीद उधम सिंह के 87वें शहादत दिवस के अवसर पर शुक्रवार को गांव बिठमड़ा स्थित शहीद भगत सिंह पुस्तकालय में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने भाग लेकर शहीद उधम सिंह के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ईश्वर सिंह एडवोकेट ने की, जबकि मंच संचालन कामरेड मियासिंह बिठमड़ा ने किया। ईश्वर सिंह ने कहा कि शहीद उधम सिंह ने जलियांवाला बाग नरसंहार का बदला लेकर पूरी दुनिया को यह संदेश दिया कि भारतवासी अन्याय और अत्याचार को कभी स्वीकार नहीं करते। उनका जीवन साहस, त्याग और देशभक्ति का अनुपम उदाहरण है, जिससे आज की युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। युवाओं को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए वक्ताओं ने कहा कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। युवाओं को उनके आदर्शों पर चलते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए। साथ ही समाज में एकता, भाईचारे और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में ये रहे शामिल कार्यक्रम में गुरदेव सिंह सोढ़ी (सचिव, पुस्तकालय समिति), धर्मवीर सिंह धतरवाल (पूर्व पंचायत समिति सदस्य), डॉ. वेद प्रकाश शेरावत, पृथ्वी सिंह नंबरदार, राजेश सेलवाल, छोटा राम धतरवाल, दलबीर सिंह धतरवाल, दलबीर सिंह पातड़, बलजीत सिंह इंदौरा, सोनू सागू, सोनिया देवी, शुभम तथा मोनू जांगड़ा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने शहीद उधम सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने का सामूहिक संकल्प लिया।
Source link
हिसार में शहीद उधम सिंह का 87वां शहादत दिवस मनाया:युवाओं ने लिया प्रेरणा का संकल्प; पुस्तकालय में गूंजा देशभक्ति का संदेश
