![]()
सुपेला में मकान बेचने का सौदा करने के बाद खरीदारों से 50 लाख रुपए लेने और उसी मकान को बाद में किसी दूसरे व्यक्ति को बेचने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी इन्द्रजीत सिंह (41)ने मकान की कीमत 55 लाख रुपए तय की थी। सौदे के दो दिन के भीतर खरीदारों ने 9 चेक के जरिए उसे 50 लाख रुपए दे दिए। इसके बाद बाकायदा स्टांप पेपर पर मकान बेचने का इकरारनामा भी कराया गया। लेकिन करीब डेढ़ साल बाद आरोपी ने यही मकान दूसरे व्यक्ति को 44.26 लाख रुपए में बेच दिया। मामला सुपेला थाना क्षेत्र के जवाहर नगर आवासीय योजना के प्लाट नंबर 08, ब्लॉक नंबर 23 का है। सुंदर लाल पटेल, श्रीनिवास मिश्रा, छत्रपति सिंह और शिवशंकर यादव ने पुलिस में शिकायत की थी। शिकायत के अनुसार 26 नवंबर 2024 को इन्द्रजीत सिंह के साथ मकान का सौदा 55 लाख रुपए में तय हुआ था। दो दिन में 9 चेक से दिए 50 लाख
सौदे के तुरंत बाद खरीदारों ने 26 और 27 नवंबर को कुल 9 चेक के जरिए आरोपी को 50 लाख रुपए दे दिए। यानी 55 लाख रुपए के सौदे में सिर्फ 5 लाख रुपए बाकी थे। इसके अगले दिन 28 नवंबर को 50 रुपए के स्टांप पेपर पर मकान बेचने का नोटरी किया हुआ इकरारनामा भी तैयार किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि इसके बाद भी मकान खरीदारों के नाम नहीं हुआ। बल्कि 17 अप्रैल 2026 को आरोपी ने उसी मकान को विशाल सिंह नाम के व्यक्ति को 44 लाख 26 हजार रुपए में बेच दिया। जिस मकान के लिए 50 लाख लिए, उसे 44.26 लाख में बेच दिया
पुलिस अब इसी पूरे लेनदेन और दस्तावेजों को जांच का हिस्सा बना रही है। जांच में यह भी पता चला कि मूल विक्रय दस्तावेज के गुम होने की रिपोर्ट आरोपी की ओर से 3 अक्टूबर 2025 को छावनी थाने में दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने इस बिंदु को भी जांच में शामिल किया है। सुपेला पुलिस ने शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज किए और मकान का निरीक्षण किया। उनके पास मौजूद मूल इकरारनामा और भुगतान से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए। आरोपी से पूछताछ में पुलिस के अनुसार उसने 50 लाख रुपए लेना और बाद में मकान किसी दूसरे व्यक्ति को बेच देना स्वीकार किया। मकान बेचकर कील बनाने की फैक्ट्री में लगाया पैसा
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि खरीदारों से मिली रकम को उसने हथखोज स्थित अपनी लोहे के बोल्ट और कील बनाने की फैक्ट्री में लगा दिया था। दस्तावेजों, भुगतान और दूसरे तथ्यों की जांच के बाद पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने की बात कही। इसके आधार पर इन्द्रजीत सिंह (41) निवासी कैलाश नगर, जामुल को गिरफ्तार किया गया। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
Source link
50 लाख एडवांस लेकर उसी मकान का दूसरे से सौदा:सुपेला में कारोबारी गिरफ्तार: 55 लाख में तय हुई थी डील, 9 चेक से मिली रकम; बाद में 44.26 लाख में बेच दिया
