![]()
शिमला जिले के रामपुर और ननखड़ी क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था सुधारने के लिए एसडीएम आफिस में एक बैठक आयोजित की गई। एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने इसकी अध्यक्षता की। बैठक में नए बस रूट शुरू करने, ग्रामीण क्षेत्रों में पुरानी बसों को बदलने और सड़कों के रखरखाव जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। ननखड़ी विकास खंड के प्रधानों और उपप्रधानों ने बैठक में बताया कि हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) रामपुर डिपो द्वारा कई ग्रामीण रूटों पर पुरानी और जर्जर बसें चलाई जा रही हैं। जिससे ग्रामीणों को असुविधा हो रही है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि रामपुर डिपो के तहत लगभग 160 रूट हैं, जबकि बसों की संख्या केवल 140 है। बसों की कमी के कारण वर्षों पुरानी बसों का संचालन करना पड़ रहा है। सड़कों की खराब स्थिति पर जताई चिंता जनप्रतिनिधियों ने ननखड़ी क्षेत्र की अधिकांश सड़कों की खराब हालत पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जगह-जगह बड़े गड्ढों के कारण बसों में तेज झटके लगते हैं, जिससे कई बार बसों के पट्टे टूट जाते हैं। ग्रामीणों ने बैठक में पुरानी बसों के स्थान पर नई बसें उपलब्ध कराने और सड़कों की तत्काल मरम्मत की मांग की। इसके अतिरिक्त, जिन नए रूटों पर अभी तक नियमित बस सेवा नहीं है, वहां निजी बसों के संचालन की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। एसडीएम ने अफसरों को दिए कार्रवाई के निर्देश एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। बैठक में यह भी तय किया गया कि नई बसें उपलब्ध होने पर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ग्रामीण रूटों पर लगाया जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा मिल सके। बैठक में ज्यूरी त्यावल वार्ड से जिला परिषद सदस्य अनुराधा सफेल, क्षेत्रीय प्रबंधक उमेश ठाकुर और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Source link
रामपुर-ननखड़ी में नए बस रूटों पर मंथन:एसडीएम ने खटारा बसों, जर्जर सड़कों पर जताई चिंता, परिवहन व्यवस्था प्रभावी बनाने के निर्देश
